पलामू: जिले के ग्रामीण इलाकों में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए सात पीसीसी सड़कों के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। सांसद विष्णु दयाल राम की अनुशंसा पर वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत जिला योजना अनाबद्ध निधि से इन योजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन पर कुल 1 करोड़ 2 लाख 62 हजार 500 रुपये खर्च किए जाएंगे।
स्वीकृत योजनाओं के तहत पाटन, विश्रामपुर, सदर मेदिनीनगर और हुसैनाबाद प्रखंड के विभिन्न गांवों में कुल 4,450 फीट पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। योजनाओं का विवरण इस प्रकार है-
स्वीकृत सात सड़क योजनाएं:
- पाटन प्रखंड, कांके खुर्द: आरईओ पथ से पानी प्लांट तक 1,100 फीट पीसीसी सड़क – 40,06,400 रुपये।
- पाटन प्रखंड, पाल्हे खुर्द: राम नरेश शुक्ला के घर से मुरलीधर शुक्ला के घर होते हुए राम स्वरूप शुक्ला के घर तक 700 फीट सड़क – 13,02,300 रुपये।
- पाटन प्रखंड, धनगाईं: मनहरण शर्मा के खेत से राजकुमार राम के घर तक 500 फीट सड़क – 9,43,200 रुपये।
- विश्रामपुर प्रखंड, केतार कलां, वार्ड संख्या-1: पीसीसी रोड से पश्चिम की ओर जनवितरण प्रणाली दुकान होते हुए वीरेंद्र चौबे के घर तक 525 फीट सड़क – 9,60,500 रुपये।
- सदर मेदिनीनगर प्रखंड, जोड़ पंचायत, खनवां: पीडब्ल्यूडी मुख्य पथ से नन्दू महतो के घर होते हुए विश्वकर्मा के घर तक 700 फीट सड़क – 16,31,100 रुपये।
- हुसैनाबाद प्रखंड, घोड़बंधा: नदी किनारे से नेपाली राम के घर तक 625 फीट सड़क – 8,70,100 रुपये।
- विश्रामपुर प्रखंड, केतार: एनएच-75 से वीरेंद्र नाथ चौबे के घर तक 300 फीट सड़क – 5,48,900 रुपये।
इन योजनाओं की निविदा प्रक्रिया जिला परिषद के माध्यम से शीघ्र पूरी की जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि पलामू संसदीय क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और सड़क संपर्क को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और स्थानीय लोगों को लाभ होगा।
