हजारीबाग: गिद्दी थाना क्षेत्र में सीसीएल कर्मी मंगलेश पाल उर्फ हैप्पी की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश में मृतक की पत्नी सोनाली कुमारी, उसके प्रेमी कौशिक कुमार और एक नाबालिग की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने सोनाली और कौशिक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग को निरुद्ध किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने हत्या के बाद मामले को लूटपाट का रूप देने और जांच को भटकाने की कोशिश की थी। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियारों समेत कई सामान बरामद किए गए हैं।
लूटपाट की सूचना से शुरू हुई जांच
18 अक्टूबर की सुबह करीब 5:30 बजे ग्रामीणों ने गिद्दी थाना प्रभारी को सूचना दी कि गिद्दी ए स्थित सीसीएल कर्मी मंगलेश पाल के घर में लूटपाट के दौरान उनकी धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़कागांव एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की।
टीम ने एफएसएल, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटाए गए। जांच के क्रम में मृतक की पत्नी सोनाली कुमारी से पूछताछ की गई, जिसके बाद पुलिस को साजिश में उसके प्रेमी कौशिक कुमार और एक नाबालिग की भूमिका के बारे में जानकारी मिली।
नौकरी और शादी की चाह में हत्या की साजिश का आरोप
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि सीसीएल कर्मी की नौकरी और अपने प्रेमी से शादी करने के उद्देश्य से हत्या की साजिश रची गई थी। आरोप है कि वारदात के बाद खून साफ कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई।
पुलिस का दावा है कि जांच को गुमराह करने के लिए सोनाली के हाथ-पैर और मुंह बांध दिए गए थे, ताकि घटना को लूटपाट के दौरान हुई हत्या के रूप में दिखाया जा सके। हालांकि, शुरुआती सूचना में लूटपाट की बात सामने आई थी, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को मामले में साजिश के संकेत मिले।
खून लगे हथियार, कपड़े और मोबाइल बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए खून लगे धारदार दाउली और चाकू बरामद किए हैं। इसके अलावा खून लगा पोछा, आरोपियों के खून लगे कपड़े और चप्पल, दो मोबाइल फोन तथा मृतक और उसकी पत्नी के जले हुए मोबाइल के अवशेष भी मिले हैं।
पुलिस बरामद सामान और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है। पत्नी और उसके कथित प्रेमी की गिरफ्तारी के बाद हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।


