देवघर: झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री ऊर्जा खुशहाली योजना के तहत घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को हर महीने 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ दिया जा रहा है। इसी बीच देवघर जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से बिजली का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने, समय पर बिल जमा करने और ऊर्जा संरक्षण को अपनी आदत में शामिल करने की अपील की है। विद्युत विभाग ने बिजली से जुड़ी समस्याओं के समाधान और बिजली चोरी की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।
जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, योजना का उद्देश्य घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत देना है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बिजली की जरूरत के अनुसार ही उपकरणों का इस्तेमाल करें। अनावश्यक रूप से पंखे, बल्ब, लाइट और अन्य विद्युत उपकरण चालू न रखें। जरूरत पूरी होने के बाद उनके स्विच बंद कर दें। इससे बिजली की खपत कम होगी और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
बिजली के खंभों और टूटे तारों से रहें दूर
विद्युत विभाग ने लोगों को सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है। बिजली के खंभों, ट्रांसफॉर्मर और अर्थिंग तारों को न छुएं। यदि कहीं बिजली का तार टूटा हुआ या क्षतिग्रस्त दिखाई दे, तो उससे दूरी बनाए रखें और तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें। बिजली के उपकरणों और तारों के साथ लापरवाही बरतने से दुर्घटना हो सकती है।
बिजली चोरी करने पर हो सकती है कानूनी कार्रवाई
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध कनेक्शन, बिजली चोरी और अनधिकृत रूप से बिजली का इस्तेमाल कानूनन दंडनीय है। विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 126 और 135 के तहत संबंधित मामलों में नियमानुसार आर्थिक दंड और कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। उपभोक्ताओं से वैध बिजली कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
बिजली से जुड़ी शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर
बिजली आपूर्ति, तकनीकी समस्याओं और अन्य शिकायतों के समाधान के लिए विभाग ने ये संपर्क नंबर जारी किए हैं:
- समस्या के समाधान के लिए: 9031110118, 9031110119, 9031110120
- विद्युत विभाग कॉल सेंटर: 1912, 18003456570, 0651-2710002
- मोबाइल एवं व्हाट्सऐप संपर्क: 9031110121, 9431135504, 9431135503 (व्हाट्सऐप)
- बिजली चोरी की सूचना देने के लिए: 9431135515 (व्हाट्सऐप)
विभाग के अनुसार, बिजली चोरी से संबंधित सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
जिला प्रशासन ने देवघर के सभी बिजली उपभोक्ताओं से मुख्यमंत्री ऊर्जा खुशहाली योजना का लाभ उठाने, बिजली का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने और बिजली चोरी रोकने में सहयोग करने की अपील की है।


