रांची: झारखंड में 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों का आंदोलन फिलहाल छठ पूजा तक टल गया है। स्वास्थ्य विभाग के साथ हुई बैठक में मांगों पर समाधान की दिशा में चर्चा के बाद कर्मचारी संघ ने आंदोलन स्थगित करने का फैसला लिया है। हालांकि, संघ ने साफ कर दिया है कि अगर तय मुद्दों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो 18 नवंबर 2026 से राज्यभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
दरअसल, झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने 22 अक्टूबर को स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के साथ बैठक की थी। इसमें कर्मचारियों की नौकरी की सुरक्षा, वेतन भुगतान और अन्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए गए। बैठक में मांगों के समाधान को लेकर चर्चा हुई, जिसके बाद संघ ने फिलहाल आंदोलन टालने का निर्णय लिया।
बायोमेट्रिक मशीन और टेंडर पर भी चर्चा
बैठक में सभी एम्बुलेंस में बायोमेट्रिक मशीन लगाने और नई बहाली से पहले राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) की अनुमति लेने के मुद्दे पर सहमति बनी। इसके अलावा मौजूदा एम्बुलेंस टेंडर में सुधार करने या नया टेंडर जारी करने के विकल्प पर भी चर्चा की गई।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो 18 नवंबर से हड़ताल
संघ के अध्यक्ष नीरज तिवारी ने चेतावनी दी है कि अगर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो 18 नवंबर से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी कर्मचारी के खिलाफ अनुचित कार्रवाई होने की स्थिति में 72 घंटे के भीतर हड़ताल का फैसला लिया जा सकता है।
फिलहाल छठ पूजा तक आंदोलन स्थगित रहने से एम्बुलेंस सेवाओं पर तत्काल आंदोलन का खतरा टल गया है। अब कर्मचारियों की नजर स्वास्थ्य विभाग की ओर से मांगों पर होने वाली कार्रवाई पर है।


