रांची: रांची में रविवार सुबह एसएसपी आवास के सामने उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अपने बच्चे के साथ आत्मदाह करने पहुंच गई। सूचना मिलते ही लालपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर स्थिति संभाली।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला अपने बच्चे की बरामदगी की मांग को लेकर एसएसपी आवास पहुंची थी। बताया जा रहा है कि महिला पहले मानव तस्करी का शिकार हो चुकी है। आरोप है कि जिस व्यक्ति से उसकी शादी हुई थी, उसने भी उसे धोखा दिया और उसके नवजात बच्चे का सौदा कर दिया।
महिला अपने बच्चे को वापस पाने के लिए लगातार पुलिस थाने के चक्कर लगा रही है, लेकिन अब तक बच्चे का पता नहीं चल पाया है। महिला के दावे के बाद बच्चे का डीएनए टेस्ट भी कराया गया है, हालांकि रिपोर्ट अब तक नहीं आई है। रिपोर्ट का इंतजार और बच्चे के नहीं मिलने से परेशान महिला रविवार सुबह आत्मदाह करने एसएसपी आवास पहुंच गई।
फिलहाल पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है।


