बोकारो: बोकारो के विस्थापित अप्रेंटिस संघ से जुड़े मामले में आगे की कार्रवाई की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल की है। डीसी अजय नाथ झा की अध्यक्षता में सोमवार को हुई समीक्षा बैठक में मामले से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि जरूरी तथ्यों और दस्तावेजों को संकलित कर एक-दो दिनों के भीतर राज्य सरकार के गृह विभाग को विस्तृत प्रतिवेदन भेजा जाएगा।
बोकारो विधायक से प्राप्त पत्र के आलोक में हुई इस समीक्षा में डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रिपोर्ट में भूमि अधिग्रहण की स्थिति, नियोजन संबंधी प्रावधान और अब तक की गई कार्रवाई का पूरा विवरण शामिल किया जाए। साथ ही, अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके अभ्यर्थियों की संख्या, नियोजित अभ्यर्थियों और नियोजन के लिए शेष लोगों का ब्योरा भी स्पष्ट रूप से दर्ज करने को कहा गया है। संघ की अन्य मांगों को भी रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा।
प्रशासन की ओर से विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर राज्य सरकार को भेजने की समयसीमा तय किए जाने से मामले से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट रूप से सामने रखने की दिशा में कदम बढ़ा है। इससे सरकार को पूरे मामले की स्थिति समझने और उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर आगे की कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
बैठक में भूमि अभिलेखों को डिजिटल रूप में सुरक्षित रखने पर भी चर्चा हुई। डीसी ने डीपीएलआर को नियमानुसार निविदा प्रक्रिया शुरू करने और भूमि अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण एवं डिजिटाइजेशन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, डीसीएलआर पूर्णिमा कुमारी, डीसीएलआर अनुराधा कुमारी और एपीआरओ अविनाश कुमार समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


