रांची: खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन हो गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में आयोजित समारोह में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों व टीमों को सम्मानित किया गया। 22 से 26 अक्टूबर तक चली इस प्रतियोगिता में देशभर की पुलिस इकाइयों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के महिला वर्ग में CISF ने 37 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि उत्तर प्रदेश पुलिस 34 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। असम राइफल्स और BSF ने 23-23 अंकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।
वहीं, पुरुष वर्ग में ITBP ने 53 अंकों के साथ बाजी मारी। उत्तर प्रदेश पुलिस 22 अंकों के साथ दूसरे और राजस्थान पुलिस 21 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।
समापन समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इस प्रतियोगिता का 15वां आयोजन होना अपने आप में महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इस बार 400 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और करीब 37 प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। झारखंड को अब तक तीन बार इस प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सुरक्षा में पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों की अहम भूमिका है। खिलाड़ियों और जवानों का योगदान देश और राज्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने झारखंड में राष्ट्रीय स्तर की ऐसी प्रतियोगिताओं के आयोजन को गर्व की बात बताया।
समारोह में स्कूली बच्चों और आम लोगों की भी भागीदारी रही। प्रतियोगिता के समापन के साथ ही विभिन्न राज्यों और सुरक्षा बलों से आए खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।


