Instagram अब सिर्फ छोटी-छोटी Reels तक सीमित नहीं रहना चाहता। मेटा का यह प्लेटफॉर्म लंबे वीडियो के क्षेत्र में भी अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रहा है। कंपनी 90 मिनट तक के वीडियो अपलोड करने वाले फीचर की टेस्टिंग कर रही है। अगर यह सुविधा शुरू होती है, तो क्रिएटर्स को Instagram पर ही लंबे वीडियो शेयर करने का विकल्प मिल सकता है।
Reels के साथ लंबे वीडियो पर भी फोकस
अब तक Instagram की पहचान मुख्य रूप से शॉर्ट वीडियो और Reels के लिए रही है। लेकिन नए फीचर के जरिए क्रिएटर्स एक घंटे 30 मिनट तक का कंटेंट अपलोड कर सकेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, इस फीचर की टेस्टिंग ब्राजील में हो रही है और अमेरिका में भी सीमित स्तर पर परीक्षण की तैयारी है। हालांकि, इसे सभी यूजर्स के लिए कब तक जारी किया जाएगा, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
क्रिएटर्स को कमाई का मिलेगा नया मौका?
Instagram पर फिलहाल क्रिएटर्स ब्रांड प्रमोशन, सब्सक्रिप्शन और दूसरे मोनेटाइजेशन टूल के जरिए कमाई करते हैं। लंबे वीडियो उन्हें अपने कंटेंट को विस्तार से पेश करने और दर्शकों के साथ ज्यादा समय बिताने का अवसर दे सकते हैं। हालांकि, नए फीचर के साथ प्रति व्यू भुगतान या कमाई के किसी नए मॉडल की घोषणा नहीं हुई है।
Instagram प्रमुख एडम मोसेरी भी पहले कह चुके हैं कि प्लेटफॉर्म पर क्रिएटर्स की कमाई का बड़ा हिस्सा ब्रांड्स से आता है। ऐसे में लंबे वीडियो का फीचर कंटेंट क्रिएटर्स के लिए नए अवसर खोल सकता है, लेकिन इससे कमाई कितनी बढ़ेगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
YouTube को मिलेगी चुनौती?
YouTube पहले से ही लंबे वीडियो और Shorts, दोनों तरह के कंटेंट के लिए लोकप्रिय है। ऐसे में Instagram का लंबे वीडियो की तरफ बढ़ना दोनों प्लेटफॉर्म के बीच प्रतिस्पर्धा को एक नया आयाम दे सकता है। Instagram पहले IGTV के जरिए लंबे वीडियो पेश कर चुका है, लेकिन बाद में इस सेवा को बंद कर दिया गया था।
अब 90 मिनट तक के वीडियो की टेस्टिंग के साथ कंपनी एक बार फिर इस फॉर्मेट पर दांव लगा रही है। फिलहाल यह देखना बाकी है कि नया फीचर कब लॉन्च होगा और क्या इससे क्रिएटर्स और दर्शकों का रुझान Instagram की ओर और बढ़ेगा।


