चतरा: नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन चतरा’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 164 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही वरना कार को भी जब्त कर लिया गया है, जबकि कार सवार तस्कर मौके से फरार हो गए।
सदर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ सदर सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को जिले में बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की खेप आने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में चतरा-जोरी मुख्य मार्ग पर डाढ़ा मोड़ के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान सफेद रंग की एक वरना कार तेज रफ्तार से चतरा शहर की ओर आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह वाहन रोकने के बजाय पुलिस को चकमा देकर भागने लगा। चेकिंग टीम ने तुरंत कार का पीछा किया। खुद को घिरता देख कार सवार तस्कर सिकिद नदी के किनारे वाहन छोड़कर फरार हो गए।
इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली। वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर UP14CF-5803 है। तलाशी के दौरान कार के अंदर से 82 पैकेटों में रखा कुल 164 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली है।
एसडीपीओ सन्नी वर्धन के अनुसार, इस मामले में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार तस्करों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने गाड़ी मालिक की पहचान भी कर ली है। तस्करों और वाहन मालिक को गिरफ्तार करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली टीम में सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, एएसआई सफिक अंसारी सहित सदर थाना के पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। एसडीपीओ ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और तस्करों को किसी भी सूरत में कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।


