धनबाद/: जिले के उपायुक्त आदित्य रंजन मंगलवार को गोविंदपुर प्रखंड के औचक निरीक्षण पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। पंचायत भवन की साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्था देखकर उन्होंने संतोष जताया, जबकि मनरेगा समेत अन्य विकास कार्यों में मिली कमियों को जल्द दूर करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान डीसी का एक अलग अंदाज भी देखने को मिला, जब वे आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के बीच पहुंचे, उनके साथ समय बिताया और जमीन पर बैठकर उन्हें पढ़ाया।
इस दौरान उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सन्नी राज, एसएसपी प्रभात कुमार, बीडीओ जहीर आलम और सीओ यशवंत कुमार सिन्हा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पंचायत भवन की व्यवस्था से संतुष्ट, ISO सर्टिफिकेशन की पहल
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने गोविंदपुर पंचायत भवन की साफ-सफाई, रखरखाव और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पंचायत भवन की बेहतर स्थिति देखकर उन्होंने संबंधित कर्मियों की सराहना की। साथ ही, पंचायत भवन को ISO सर्टिफिकेशन की सूची में शामिल करने की बात कही।
डीसी ने प्रखंड की अन्य पंचायतों के मुखियाओं को भी इसी तरह बेहतर व्यवस्था बनाए रखने और सरकारी सेवाओं को अधिक व्यवस्थित बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने पंचायत भवनों को आम लोगों के लिए सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया।
पोषण वाटिका देखकर खुश हुए DC, बच्चों को खुद पढ़ाया
आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सेविका की ओर से तैयार पोषण वाटिका का अवलोकन किया। यहां बच्चों के लिए रोजाना हरी सब्जियों की व्यवस्था और उनकी संतोषजनक उपस्थिति देखकर उन्होंने खुशी जताई।
इस दौरान उपायुक्त बच्चों के बीच पहुंचे और उनके साथ घुल-मिलकर बातचीत की। वे जमीन पर बैठकर बच्चों को पढ़ाते भी नजर आए। उन्होंने बच्चों को उनकी मातृभाषा के अनुरूप शिक्षा देने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि वे आसानी से पढ़ाई को समझ सकें और सीखने में उनकी रुचि बढ़े।
मनरेगा और विकास कार्यों की कमियां जल्द दूर करने का निर्देश
उपायुक्त ने डीएमएफटी फंड से निर्मित तालाब और मनरेगा के तहत चल रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की और जहां कमियां मिलीं, उन्हें जल्द दूर करने का निर्देश दिया।
डीसी ने कहा कि मानदेय मिलने के बाद पंचायतों की स्थिति में सुधार हो रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों से विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने को कहा।
इसके अलावा, सभी पंचायतों के मुखियाओं के नाम की सूची पंचायत भवन के मुख्य पटल पर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को संबंधित जनप्रतिनिधियों की जानकारी आसानी से मिल सके।
अतिक्रमण पर भी DC का स्पष्ट संदेश
निरीक्षण के दौरान अतिक्रमण से जुड़े मामलों पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने स्पष्ट किया कि प्रशासन की ओर से सभी कार्रवाई जनहित को ध्यान में रखते हुए और नियमानुसार की जाएगी। उन्होंने विकास योजनाओं की निगरानी, पंचायतों में बेहतर व्यवस्था और आम लोगों को सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
गोविंदपुर प्रखंड का यह औचक निरीक्षण विकास योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करने और कमियों को समय रहते दूर करने के उद्देश्य से किया गया। निरीक्षण के दौरान पंचायत भवन की व्यवस्था और आंगनबाड़ी केंद्र की पोषण वाटिका ने प्रशासन का ध्यान खींचा, वहीं अन्य कार्यों में सुधार के निर्देश भी दिए गए।


