रांची। चुटूपालू और चरही घाटी में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है. रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ की पहल पर दोनों घाटियों के दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) के सुधार के लिए 239.40 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी मिली है. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने यह स्वीकृति दी है. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पत्र के माध्यम से संजय सेठ को इसकी जानकारी दी. परियोजना के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (नया एनएच-20) के चुटुपालू और चरही घाटी खंड में कुल 5.99 किलोमीटर सड़क का सुधार किया जायेगा. इससे दुर्घटनाओं की आशंका कम करने और यात्रियों का सफर सुरक्षित बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है.

संजय सेठ ने कहा कि चुटूपालू और चरही घाटी लंबे समय से सड़क दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील रही हैं. इन क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करना उनकी प्राथमिकता रही है. इसी उद्देश्य से उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को पत्र लिखकर विशेष पहल की थी. परियोजना को मंजूरी मिलना रांची सहित पूरे झारखंड के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सड़क अवसंरचना के विकास के साथ सड़क सुरक्षा को भी प्राथमिकता दे रही है. झारखंड में बेहतर सड़क नेटवर्क, सुरक्षित यातायात और आधुनिक आधारभूत संरचना के विकास के लिए केंद्र लगातार सहयोग कर रहा है. संजय सेठ ने परियोजना की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार जताया.


