रांची: झारखंड पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 के सुचारू और कदाचार मुक्त संचालन को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के सभी संबंधित परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है। अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर रांची कुमार रजत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया है।
जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से 29 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, निषेधाज्ञा 1 नवंबर 2026 को सुबह 6:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक प्रभावी रहेगी। परीक्षा के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा भीड़ जुटाकर विधि-व्यवस्था बाधित करने की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल, पुलिस पदाधिकारियों और दंडाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।
परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में ये प्रतिबंध
प्रशासन की ओर से जारी आदेश के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों के एक जगह एकत्र होने पर रोक रहेगी। हालांकि, सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों-कर्मचारियों, सरकारी कार्यक्रमों और शवयात्रा को इससे छूट दी गई है।
इसके अलावा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल, आग्नेयास्त्र और बम-बारूद जैसे हथियार लेकर चलने तथा लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा और भाला जैसे हरवे-हथियार रखने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित छूट रहेगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार की बैठक या आमसभा आयोजित करने की भी अनुमति नहीं होगी।
धुर्वा से मोरहाबादी तक बनाए गए हैं परीक्षा केंद्र
प्रशासन की सूची में रांची के विभिन्न इलाकों के स्कूल, कॉलेज और शैक्षणिक संस्थान शामिल हैं। इनमें विवेकानंद विद्या मंदिर, छोटानागपुर पब्लिक स्कूल, सेवन स्टार्स एकेडमी, इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, निर्मला कॉलेज, गोस्सनर कॉलेज, डोरंडा कॉलेज, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, बिरसा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी और YBN यूनिवर्सिटी समेत कई संस्थान शामिल हैं।
परीक्षा केंद्र धुर्वा, बूटी रोड, रातू रोड, कांके, मोरहाबादी, डोरंडा, नामकुम, ओरमांझी, नगड़ी, मांडर और शहर के अन्य इलाकों में स्थित हैं। प्रशासन ने परीक्षा के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके।


