उपशीर्षक: झारखंड के किसानों को किसान सम्मान निधि के तहत तीन अरब रुपये मिलने की बात कही, 30 नवंबर तक चलेगा खेत बचाओ अभियान
रांची। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता रामनाथ ठाकुर गुरुवार को दिल्ली से रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर जदयू कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने झारखंड में किसान सम्मान निधि योजना और ‘खेत बचाओ अभियान’ को लेकर अपनी बात रखी।
रामनाथ ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी किए जाने के कार्यक्रम के मद्देनजर वह रांची आए हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत झारखंड के किसानों को लगभग तीन अरब रुपये मिलने की बात है। उन्होंने कहा कि किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की यह योजना महत्वपूर्ण है।
झारखंड में खेत बचाओ अभियान की शुरुआत करेंगे
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री ने बताया कि विभाग की ओर से 22 अक्टूबर से 30 नवंबर तक ‘खेत बचाओ अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान की शुरुआत झारखंड में करने के उद्देश्य से उनका रांची दौरा हुआ है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से कृषि और खेतों से जुड़े मुद्दों पर ध्यान दिया जाएगा।
रामनाथ ठाकुर के रांची पहुंचने पर जदयू कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में किसानों से जुड़े कार्यक्रमों और अभियान को लेकर जानकारी साझा की।


