केरसई/रांची : सिमडेगा जिले के केरसई प्रखंड के बाघडेगा क्षेत्र स्थित कोनोसकेलि राजस्व ग्राम के बालू घाट की नीलामी के विरोध में ग्रामीणों ने बैठक कर जिला प्रशासन से नीलामी रोकने की मांग की है. ग्रामसभा अध्यक्ष खिरोधर प्रधान की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद ग्रामीणों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा. वहीं, बालू घाट के संवेदक द्वारा स्थानीय बालू माफिया की मिलीभगत से नीलामी का विरोध कराने के आरोप पर ग्रामसभा अध्यक्ष, प्रमुख तरण भोय समेत ग्रामीणों ने कड़ी आपत्ति जतायी और आरोपों को निराधार बताया.
ग्रामीणों ने कहा कि बालू घाट का मामला स्थानीय लोगों और ग्रामसभा के हितों से जुड़ा है. इसकी नीलामी से ग्रामीणों के हित प्रभावित होने की आशंका है. प्रशासन को ग्रामसभा की चिंताओं और स्थानीय लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखकर निर्णय लेना चाहिए. ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने मामले की गंभीरता से जांच कराने और नीलामी पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया.
ग्रामसभा के अधिकार की अनदेखी नहीं हो
ग्रामीणों ने कहा कि ग्रामसभा को गांव के हित में निर्णय लेने का अधिकार है. ग्रामसभा किसी के दबाव में नहीं, बल्कि स्थानीय हितों को ध्यान में रखकर अपना फैसला ले सकती है. ऐसे में नीलामी के विरोध को बालू माफिया से जोड़ना गलत है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में उचित पहल कर उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की.
बैठक में रामचन्द्र बड़ाईक, देवकरण प्रधान, रामचन्द्र मांझी, नितेश बेक, सुनीता देवी, बिंदु देवी, जगेश्वर मांझी और रविन्द्र मांझी समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे.


