हजारीबाग/ रांची : हजारीबाग पुलिस के द्वारप स्कूली बच्चों को साइबर अपराधियों के जाल से बचाने और सोशल मीडिया के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग अमन कुमार के निर्देश पर दारू थाना प्रभारी के नेतृत्व में हजारीबाग स्थित स्वामी विवेकानंद स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कक्षा आठवीं से दसवीं तक के विद्यार्थियों को साइबर अपराध, सोशल मीडिया नेटवर्क के दुरुपयोग से बचाव के तरीके बताए गए। पुलिस ने बच्चों सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति पर आंख मूंदकर भरोसा न करने की सलाह दी साथ ही अपनी निजी जानकारी, फोटो, पासवर्ड एवं ओटीपी किसी के साथ साझा न करने की अपील की।

इस दौरान विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग के साथ-साथ इसके गलत इस्तेमाल से होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई। उन्हें अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को बिना जांचे-परखे साझा नहीं करने की सलाह भी दी गई। वहीं, पुलिस पदाधिकारियों ने बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए इससे दूर रहने और अपने आसपास भी नशामुक्त वातावरण बनाने के लिए प्रेरित किया गया।


