खलारी: सीसीएल के एनके एरिया स्थित केडीएच में निर्माणाधीन कोल हैंडलिंग प्लांट (साइलो) में एक बार फिर हादसे ने एक मजदूर की जान ले ली। शनिवार सुबह करीब 30 मीटर की ऊंचाई पर काम कर रहे रामस्वरूप चौहान का सेफ्टी बेल्ट टूट गया। वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सहकर्मी उन्हें तत्काल सीसीएल केंद्रीय अस्पताल, डकरा ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा और काम करा रही कंपनी मधुकोन प्रोजेक्ट्स लिमिटेड की जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
चिंता की बात यह है कि इसी निर्माण परियोजना में पहले भी एक मजदूर की जान जा चुकी है। 4 नवंबर 2025 को निर्माणाधीन बंकर की सीढ़ियों से उतरते समय मजदूर सुखदेव गंझू करीब 13 मीटर नीचे गिर गए थे। गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी। अब करीब एक साल के भीतर दूसरी मौत ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या पिछले हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता से समीक्षा की गई थी? अगर की गई थी, तो इस बार 30 मीटर की ऊंचाई पर काम कर रहे मजदूर का सेफ्टी बेल्ट टूट कैसे गया?
सुरक्षा उपकरणों की जांच पर सवाल
मधुकोन प्रोजेक्ट्स लिमिटेड के तहत रामस्वरूप चौहान फैब्रिकेशन और इरेक्शन का काम कर रहे थे। इतनी ऊंचाई पर काम के दौरान सेफ्टी बेल्ट जैसे उपकरण की गुणवत्ता और उसकी स्थिति बेहद अहम होती है। हादसे से पहले बेल्ट की जांच हुई थी या नहीं, मजदूरों को सुरक्षा के मानकों के अनुरूप उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं और ऊंचाई पर काम के दौरान निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा था या नहीं – इसकी जवाबदेही किसकी है ?
पहले हादसे के बाद कंपनी सचेत नहीं हुई थी?
तीन छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
रामस्वरूप चौहान बिहार के औरंगाबाद जिले के बारूण थाना क्षेत्र के महत्ता गांव के रहने वाले थे। उनके पिता का नाम मुरली चौहान है। वह खलारी के मोहन नगर, डकरा स्थित अपने ससुराल में रहकर मधुकोन प्रोजेक्ट्स लिमिटेड के तहत मजदूरी करते थे। परिवार की आजीविका उनकी कमाई पर निर्भर थी। उनके तीन छोटे बच्चे हैं। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और अब बच्चों के भविष्य के साथ परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
कंपनी की जवाबदेही तय होना जरूरी…
दोनों घटनाओं की परिस्थितियां अलग हैं, लेकिन एक ही निर्माण परियोजना में ऊंचाई से गिरने के कारण दो मजदूरों की मौत होना सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की मांग कर रहा है। मौजूदा हादसे की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि सेफ्टी बेल्ट क्यों टूटा, उपकरणों की जांच किस स्तर पर हुई थी और सुरक्षा मानकों के पालन की जिम्मेदारी किसकी थी।
निर्माण कार्य की समय-सीमा और उत्पादन लक्ष्य अपनी जगह हैं, लेकिन मजदूरों की जान से बढ़कर कुछ नहीं है। अब सवाल सिर्फ एक हादसे का नहीं, बल्कि यह है कि क्या पिछली मौत के बाद सुरक्षा व्यवस्था में जरूरी बदलाव किए गए थे और इस बार हुई मौत की जवाबदेही कौन लेगा?


