करम टोली स्थित खड़िया सरना विकास समिति ने कराया कार्यक्रम, गीत-संगीत, फैशन शो और खेलकूद प्रतियोगिताओं में बच्चों ने लिया हिस्सा
रांची : रांची के करम टोली स्थित खड़िया सरना विकास समिति की ओर से बंदई (सोहराई) पर्व के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना कर हुई। पूजा संपन्न होने के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद सामूहिक प्रार्थना के साथ कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया।
आयोजन के दौरान बंदई पर्व के महत्व और परंपराओं से लोगों को परिचित कराया गया। इस मौके पर बंदई गीतों की प्रस्तुति के साथ बच्चों ने पारंपरिक सांस्कृतिक नृत्य पेश किया। बच्चों के लिए फैशन शो और विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। पूरे कार्यक्रम में गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए आदिवासी परंपरा, लोककला और पर्व की विशेषताओं को प्रदर्शित किया गया।


