बीबीए और बीसीए के विद्यार्थियों का फ्रंटलाइन ग्लोबल सर्विसेस में चयन, साक्षात्कार के आधार पर पूरी हुई चयन प्रक्रिया

रांची। साईं नाथ विश्वविद्यालय, रांची के विद्यार्थियों ने कैंपस प्लेसमेंट में अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए शानदार उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय में आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान बीबीए और बीसीए पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित संस्था फ्रंटलाइन ग्लोबल सर्विसेस चैरिटेबल ट्रस्ट, नई दिल्ली में हुआ है। चयनित विद्यार्थियों को 6.26 लाख रुपये सालाना (सीटीसी) का पैकेज दिया गया है। इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय में उत्साह का माहौल है।
प्लेसमेंट ड्राइव की चयन प्रक्रिया साक्षात्कार के माध्यम से पूरी की गई। इसमें विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक कौशल, समस्या समाधान की क्षमता और संवाद कौशल का मूल्यांकन किया गया। कंपनी की ओर से फाउंडर डॉ. विशाल चौधरी, चेयरपर्सन डॉ. श्वेता सिंह चौधरी, अकाउंट मैनेजर अमर नाथ शर्मा और एग्जीक्यूटिव ऑफिसर ज्योति कुमारी ने साक्षात्कार लिया।
कौशल आधारित शिक्षा पर विश्वविद्यालय का जोर
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति मानद कर्नल प्रो. (डॉ.) एसपी अग्रवाल ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण एवं व्यावहारिक शिक्षा का परिणाम है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि उन्हें कुशल, आत्मनिर्भर और रोजगार के बेहतर अवसरों के योग्य बनाना है।
उन्होंने कहा कि उद्योगों की बदलती जरूरतों के अनुरूप विद्यार्थियों को तैयार करने के लिए कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण पर लगातार काम किया जा रहा है।
मॉक इंटरव्यू और करियर काउंसलिंग से मिल रही तैयारी
विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को रोजगार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से नियमित रूप से औद्योगिक प्रशिक्षण, करियर काउंसलिंग, व्यक्तित्व विकास और संप्रेषण कौशल से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। इसके अलावा मॉक इंटरव्यू के माध्यम से विद्यार्थियों को वास्तविक चयन प्रक्रिया का अनुभव भी कराया जाता है। विश्वविद्यालय का प्लेसमेंट सेल विभिन्न कंपनियों और संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में जुटा है।
प्लेसमेंट सेल और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना
इस कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव को सफल बनाने में बीबीए विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मौपिया, बीसीए विभागाध्यक्ष प्रो. भावेश कुमार, प्लेसमेंट सेल के डायरेक्टर डॉ. वीरेंद्र गोस्वामी और सहायक कुलसचिव सुबोध सिन्हा सहित अन्य शिक्षकों एवं विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विश्वविद्यालय प्रबंधन और संकाय सदस्यों ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


