पलामू / रांची : स्कूली बच्चो को कानून के प्रति जागरूक करने तथा सामाजिक कुरीतियों से बचाव के उद्देश्य से गढ़वा पुलिस द्वारा धुरकी एवं मेराल थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, धुरकी में कार्यक्रम का आयोजन किया। वहीं मेराल थाना प्रभारी रवि कुमार केशरी ने कन्या मध्य विद्यालय, मेराल में छात्राओं जानकारी दी ।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को कानून की जानकारी देना , अपने अधिकारों को समझाना और कानून के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना, तथा समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम में पुलिस पदाधिकारियों ने छात्राओं को आपातकालीन सहायता के लिए डायल 112 के उपयोग, साइबर फ्रॉड से बचाव, डायन-बिसाही जैसी सामाजिक कुरीतियों, बाल विवाह, जाति प्रथा, भारतीय न्याय संहिता (BNS), यातायात सुरक्षा, नशा मुक्ति और पॉक्सो एक्ट के बारे में बताया। इसके साथ ही बच्चों को किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सही कदम उठाने, साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने और अपने अधिकारों की जानकारी रखने के लिए प्रेरित किया।


