रांची: रांची जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन (RDTTA) की वार्षिक आमसभा (AGM) शुक्रवार को धुर्वा स्थित जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम परिसर में आयोजित हुई। जय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में हुई बैठक में एसोसिएशन के सदस्यों ने सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का चुनाव किया।
नई कार्यकारिणी में मयंक गुप्ता को अध्यक्ष, अमरजीत बंसल को चेयरमैन और समरजीत सिंह को सचिव चुना गया। वहीं, जय कुमार सिन्हा को संरक्षक-प्रमुख (Patron-in-Chief) की जिम्मेदारी दी गई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने रांची जिले में टेबल टेनिस को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने, बेहतर कोचिंग और खेल सुविधाओं के विकास के साथ सभी आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए अधिक प्रतियोगिताएं आयोजित करने पर जोर दिया।
2025-26 में आयोजित प्रतियोगिताओं की उपलब्धियां गिनाईं
बैठक में एसोसिएशन के सचिव समरजीत सिंह ने वर्ष 2025-26 की गतिविधियों और उपलब्धियों का ब्योरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान एसोसिएशन ने जिला, अंतर-जिला और राज्य स्तरीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया। इसके अलावा 5वीं नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप और मास्टर्स टेबल टेनिस चैंपियनशिप भी आयोजित की गई।
नेशनल रैंकिंग चैंपियनशिप का आयोजन 6 से 13 दिसंबर 2025 तक खेलगांव, होटवार स्थित हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में हुआ था। यह प्रतियोगिता टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय कैलेंडर का हिस्सा थी। आमसभा में इन प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए पदाधिकारियों, तकनीकी अधिकारियों, कोच, स्वयंसेवकों और प्रायोजकों के योगदान की सराहना की गई।
स्कूल और क्लब स्तर तक खेल को पहुंचाने पर जोर
नई कार्यकारिणी ने स्कूल, क्लब, जिला और राज्य स्तर पर टेबल टेनिस को बढ़ावा देने, नई प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षित करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। इसके लिए झारखंड राज्य टेबल टेनिस एसोसिएशन और अन्य संबंधित संस्थाओं के साथ मिलकर काम करने की बात कही गई।
बैठक में एसोसिएशन के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में रांची में टेबल टेनिस को और व्यापक स्तर पर बढ़ावा मिलेगा।


