जमशेदपुर। जेल की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सोमवार को पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मंडल कारा, जमशेदपुर में छापेमारी की। उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारीब के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
इस अभियान में पुलिस अधीक्षक (नगर व ग्रामीण), धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी सहित कई वरीय अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों की टीम ने कारा के विभिन्न वार्डों, बंदियों के आवासीय कक्षों, बैरकों, रसोईघर और कारा अस्पताल की सघन जांच की। इस दौरान बंदियों के निजी सामान और परिसर के संवेदनशील स्थानों की बारीकी से तलाशी ली गई, ताकि किसी भी अवैध या प्रतिबंधित सामग्री के उपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने जेल की समग्र विधि-व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, प्रवेश व निकास द्वार की सुरक्षा और मुलाकातियों की जांच प्रक्रिया का भी जायजा लिया। अंत में उपायुक्त और एसएसपी ने कारा के निगरानी तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


