रांची: जिस पिता की उंगली पकड़कर नितेश ने चलना सीखा होगा, जिस पिता के सहारे उसने अपने भविष्य के सपने देखे होंगे, उसी पिता ने उसकी जिंदगी छीन ली। रांची के नरकोपी थाना क्षेत्र स्थित बोबरो गांव की सिया टोली में मंगलवार सुबह रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। यहां एक पिता ने अपने ही 17 वर्षीय बेटे पर कुदाली से हमला कर उसकी हत्या कर दी। आरोप है कि जब नितेश गहरी नींद में सो रहा था, तभी उसके पिता देवनाथ उरांव ने उसके सिर पर कुदाली से कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण नितेश की मौके पर ही मौत हो गई।

रात को बंद किया था दरवाजा, सुबह घर में मच गई चीख-पुकार
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी देवनाथ उरांव की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक, वह अक्सर घर से बाहर जाने की कोशिश करता था। इसी वजह से सोमवार की रात बेटे नितेश ने घर का दरवाजा बंद कर दिया था, ताकि पिता रात में बाहर नहीं जा सकें।
बताया जाता है कि मंगलवार सुबह करीब चार बजे नितेश सो रहा था। इसी दौरान देवनाथ उरांव ने कुदाली से उसके सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। हमला इतना गंभीर था कि नितेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मां जब तक घटनास्थल पर पहुंची, तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। बेटे को खून से लथपथ देखकर मां की चीख निकल पड़ी। जिस घर में सुबह की शुरुआत होनी थी, वहां कुछ ही देर में मातम पसर गया।
बेटे की हत्या कर खुद गांव में दी जानकारी
इस घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि बेटे की हत्या करने के बाद आरोपी पिता खुद घर से बाहर निकला और ग्रामीणों को बताया कि उसने अपने बेटे को मार डाला है। यह सुनकर गांव के लोग स्तब्ध रह गए। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
नौवीं कक्षा में पढ़ता था नितेश, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
नितेश उरांव की उम्र महज 17 साल थी। वह नरकोपी स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र था। यह वह उम्र थी, जब उसके सामने पढ़ाई, भविष्य और जिंदगी के कई सपने होंगे। लेकिन एक ऐसी घटना ने उन सभी सपनों को हमेशा के लिए खत्म कर दिया। बेटे को खोने के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है। बोबरो गांव की सिया टोली में शोक का माहौल है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, कुदाली बरामद
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शैलेन्द्र टुडू और एएसआई शिव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी पिता देवनाथ उरांव को गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल की गई कुदाली भी बरामद की गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया है।
बेड़ो डीएसपी दीपक कुमार ने बताया कि बेटे की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हत्या के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है। आरोपी की मानसिक स्थिति और घटना से जुड़ी परिस्थितियों को भी जांच के दायरे में रखा गया है।


