रांची: विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ कांग्रेस के आंदोलन का तीसरा चरण शुरू होने जा रहा है। इसी सिलसिले में झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू बुधवार को रांची पहुंचे। रांची एयरपोर्ट पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य के किसी भी वैध मतदाता का नाम वोटर लिस्ट से न कटे और हर पात्र व्यक्ति को मतदान का अधिकार मिले।

के. राजू ने कहा कि आंदोलन के तीसरे चरण के तहत झारखंड में कांग्रेस के नेता अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर मतदाताओं के बीच काम करेंगे। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी के कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय रहेंगे और यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे कि किसी भी वैध मतदाता का मतदान का अधिकार न छीना जाए।
उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट से करीब 19 लाख नाम कटने की बात सामने आई है। इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम कम समय में दोबारा जुड़वाना आसान नहीं होगा। ऐसे में वह मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात कर नाम जुड़वाने की अंतिम तिथि बढ़ाने का आग्रह करेंगे।
राहुल गांधी के झारखंड दौरे को लेकर के. राजू ने बताया कि नवंबर के तीसरे सप्ताह में उनके राज्य आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के दौरे से पहले कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता आंदोलन के तीसरे चरण से जुड़े सभी कार्यों को पूरा करने का प्रयास करेंगे।
वहीं, रांची एयरपोर्ट पर के. राजू के साथ पहुंचे कैबिनेट मंत्री इरफान अंसारी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई कांग्रेस की रैली को लेकर भाजपा के दावों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में भाजपा का कोई योगदान नहीं रहा है। वह खुद रामलीला मैदान की रैली में मौजूद थे और उनके अनुसार रैली पूरी तरह सफल रही।
इरफान अंसारी ने कहा कि मतदाताओं के मतदान के अधिकार की रक्षा करना कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता मिलकर इस दिशा में काम करेंगे।


