जमशेदपुर: शंकोसाई में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पुलिस व्यवस्था और फरियादियों की सुनवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उलीडीह ओपी क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-5 स्थित केदार बगान की रहने वाली पिंकी कुमारी ने मंगलवार को अपनी तीन बेटियों के साथ कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना में एक बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

22 अक्टूबर से न्याय की गुहार, थाने से एसपी कार्यालय तक लगाती रही चक्कर
पिंकी कुमारी के मुताबिक, उसकी तीन बेटियां हैं और उसके पति धर्मपाल मेहता ओडिशा के झारसुगुड़ा स्थित एक कंपनी में काम करते हैं। पिंकी का आरोप है कि दो बेटियों के बाद तीसरी बेटी होने पर ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करने लगे। सास-ससुर के अलावा पति, देवर और देवरानी भी अक्सर उसके साथ मारपीट करते हैं।
पिंकी ने बताया कि 22 अक्टूबर को उसकी देवरानी गुड़िया ने उलीडीह थाने में शिकायत कर दी थी। इसके बाद से वह और परेशान रहने लगी थी। अपनी परेशानी को लेकर वह लगातार पुलिस से मदद की गुहार लगा रही थी।
पिंकी के अनुसार, 28 अक्टूबर को वह उलीडीह थाना पहुंची थी, लेकिन वहां पुलिस से मदद नहीं मिली। इसके बाद वह अपनी बच्चियों के साथ सिटी एसपी कार्यालय पहुंची। वहां उससे लिखित शिकायत मांगी गई। पिंकी का कहना है कि उसे लिखना नहीं आता, इसलिए वह अपनी शिकायत लिखकर नहीं दे सकी। आरोप है कि इस वजह से उसे सिटी एसपी से भी मिलने नहीं दिया गया।
पिंकी के मुताबिक, थाने से लेकर एसपी कार्यालय तक चक्कर लगाने के बावजूद उसे मदद नहीं मिली। लगातार परेशानियों और अपनी शिकायत पर सुनवाई नहीं होने से वह बेहद परेशान हो गई थी। परिस्थितियों से तंग आकर उसने अपनी जिंदगी खत्म करने का फैसला लिया था।


