चरही/हजारीबाग: सीसीएल के तापिन-परेज क्षेत्र में अवैध कोयला भंडारण के खिलाफ CISF ने कार्रवाई करते हुए करीब 50 टन कोयला बरामद किया है। यह कोयला सीसीएल माइंस के पास स्थित एक गांव में जमा किया गया था। CISF की कार्रवाई के बाद अब CCL प्रबंधन इसे वहां से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए हाइवा और जेसीबी मशीन की व्यवस्था की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, CISF यूनिट CCL NK एवं पिपरवार को क्षेत्र में अवैध रूप से कोयला जमा किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद उप कमांडेंट दिनेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान करीब 50 टन कोयला संग्रहित पाया गया। टीम ने इसकी जानकारी तत्काल CCL चरही के महाप्रबंधक कल्याण प्रसाद को दी।
सूचना मिलने के बाद महाप्रबंधक कल्याण प्रसाद और परेज परियोजना पदाधिकारी संजय कुमार सिंह ने घटनास्थल और संबंधित क्षेत्र की जानकारी ली। इसके बाद बरामद कोयले को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए CISF टीम के साथ समन्वय किया गया। CCL प्रबंधन से कोयले के उठाव की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया है। इसके तहत हाइवा और जेसीबी मशीन उपलब्ध कराने की तैयारी चल रही है।
इस कार्रवाई में CISF के निरीक्षक राजीव कुमार शर्मा, निरीक्षक अजीत सोरेन, निरीक्षक आर.के. विमल, CCL के एसआई अनिल कुमार राय और एसआई चंद्रभान सहित CISF एवं CCL के अधिकारी और जवान शामिल रहे। मौके पर परेज के परियोजना पदाधिकारी संजय कुमार सिंह और एस.के. नायक भी उपस्थित थे।
CISF और CCL प्रबंधन की ओर से क्षेत्र में अवैध कोयला भंडारण और चोरी पर अंकुश लगाने के लिए संयुक्त रूप से अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने सरकारी संपत्ति की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।


