जमशेदपुर के काशीडीह निवासी निर्भय सिंह की शुक्रवार दोपहर हुई मौत, तबीयत बिगड़ने पर परिजन लेकर पहुंचे थे अस्पताल

जमशेदपुर। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और वरिष्ठ नेता अभय सिंह के जुड़वां भाई निर्भय सिंह का शुक्रवार को निधन हो गया। उन्होंने टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि हार्ट अटैक के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। उनके निधन की खबर से जमशेदपुर के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे निर्भय सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल टीएमएच लेकर पहुंचे। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने हार्ट अटैक की पुष्टि की। इसके बाद उन्हें आपात उपचार के लिए कार्डियक कैथ लैब में शिफ्ट किया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने कई घंटे तक इलाज किया। तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। दोपहर करीब 2 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
काशीडीह में रहता था परिवार
निर्भय सिंह जमशेदपुर के साकची क्षेत्र के काशीडीह मोहल्ले के निवासी थे। उनका भाजपा से जुड़ाव रहा था और वे स्थानीय स्तर पर सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहते थे। सामुदायिक कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी रही। परिचितों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें मिलनसार और सामाजिक कार्यों में रुचि रखने वाला व्यक्ति बताया।
उनके जुड़वां भाई अभय सिंह भाजपा के प्रमुख नेताओं में शामिल हैं और पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। निर्भय सिंह के निधन की सूचना मिलने के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग शोक जताने उनके काशीडीह स्थित आवास पहुंच रहे हैं। परिवार की ओर से अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं।


