कोडरमा: जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र में शनिवार को अपराधियों या संदिग्ध वाहनों पर शिकंजा कसना पुलिस को भारी पड़ गया। मदनगुंडी टोल प्लाजा के पास एक संदिग्ध कोयला लदे ट्रक का पीछा कर रही चंदवारा थाना की पुलिस टीम भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। ट्रक की जोरदार टक्कर से पुलिस की बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, चंदवारा पुलिस को क्षेत्र से एक संदिग्ध 12 चक्का ट्रक के गुजरने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और बोलेरो वाहन से ट्रक का पीछा करना शुरू कर दिया।
जब पुलिस वाहन मदनगुंडी टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर आगे रेलवे ओवरब्रिज के समीप पहुंचा, तो आगे चल रहे कोयला लदे ट्रक ने अचानक पुलिस की बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वाहन सड़क पर ही पलट गया।
एक जवान गंभीर, बाल-बाल बचे अन्य कर्मी
इस भयानक दुर्घटना में पुलिस बोलेरो में सवार जवान राजेंद्र मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। गनीमत यह रही कि वाहन में सवार अन्य पुलिसकर्मी इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस बल की मदद से घायल जवान को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वहीं, पुलिस ने इस घटना के बाद फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश तेज कर दी है



