धनबाद में तीन दिवसीय राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का समापन, 300 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा; धनबाद दूसरे और रामगढ़ तीसरे स्थान पर रहा

धनबाद। झारखंड राज्य एरोबिक जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप 2026-27 का शनिवार, 7 नवंबर को धनबाद के जामाडोबा स्थित टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल में समापन हो गया। तीन दिनों तक चली इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में रांची के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। धनबाद की टीम दूसरे और रामगढ़ की टीम तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता में झारखंड के अलग-अलग जिलों से पहुंचे 300 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और विभिन्न वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
झारखंड जिम्नास्टिक एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य राज्य में एरोबिक जिम्नास्टिक्स को बढ़ावा देना और उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराना था। साथ ही खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
समापन समारोह में खेल पदाधिकारी और स्कूल प्राचार्य रहे मौजूद
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा और टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य अमिताभ दास उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में झारखंड जिम्नास्टिक संघ की तूलिका श्रीवास्तव, निशिकांत पाठक और डॉ. दीपक साहू के अलावा धनबाद जिला वुशू संघ के सचिव दिनेश यादव तथा कोच जयराम कुमार शामिल हुए।
इस दौरान अतिथियों और संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, समर्पण और टीम भावना भी विकसित होती है। समारोह में विभिन्न वर्गों के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पदक, प्रमाणपत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय विकास वर्ग में मिहिर और आदित्य ने मारी बाजी
राष्ट्रीय विकास वर्ग के व्यक्तिगत बालक मुकाबले में रांची के मिहिर ने पहला स्थान हासिल किया। देवघर के मानस दूसरे और धनबाद के अभिज्ञान तीसरे स्थान पर रहे। व्यक्तिगत बालिका वर्ग में रांची की आदित्य ने पहला, धनबाद की मणिकर्णिका ने दूसरा और नंदिका ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। मिश्रित युगल वर्ग में रांची के मिहिर और आदित्य की जोड़ी विजेता बनी। वहीं, त्रिक समूह वर्ग में धनबाद की मणिकर्णिका, नंदिका और धनीश ने पहला स्थान हासिल किया।
युवा वर्ग में भी रांची के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
युवा वर्ग के व्यक्तिगत बालक मुकाबले में रांची के पृथ्वी देव भट्टाचार्य ने स्वर्ण स्थान हासिल किया, जबकि अथर्व गुप्ता दूसरे और धनबाद के प्रत्युष तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में देवघर की संजीवनी ने पहला स्थान प्राप्त किया। धनबाद की अनुष्री सेन दूसरे और सृष्टि रंजन तीसरे स्थान पर रहीं।
मिश्रित युगल वर्ग में अनुष्री और पीयूष की जोड़ी पहले तथा अपूर्वा और सृष्टि की जोड़ी दूसरे स्थान पर रही। त्रिक समूह वर्ग में रांची के पृथ्वी, अथर्व और देवयांश ने पहला स्थान हासिल किया। धनबाद की टीम दूसरे और तीसरे स्थान पर रही। पांच सदस्यीय समूह वर्ग में भी रांची के पृथ्वी, अथर्व, कमलनाथ, पार्थ और देवयांश की टीम विजेता बनी। रांची की दूसरी टीम दूसरे और धनबाद की टीम तीसरे स्थान पर रही।
जूनियर वर्ग में रांची ने कई मुकाबलों में हासिल की जीत
जूनियर वर्ग के व्यक्तिगत बालक मुकाबले में रांची के आदित्य राज पहले और धनबाद के मानस दूसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में रांची की चंदा कुमारी ने पहला, देवघर की रिधिका ने दूसरा और धनबाद की रानी ने तीसरा स्थान हासिल किया।
मिश्रित युगल वर्ग में चंदा और आदित्य राज की जोड़ी विजेता बनी, जबकि धनबाद के मानस और रानी दूसरे स्थान पर रहे। त्रिक समूह वर्ग में रांची की रिधिका, नंदनी और दिशा ने पहला स्थान प्राप्त किया। पांच सदस्यीय समूह वर्ग में भी रांची की टीम विजेता रही। इसके अलावा एरो डांस वर्ग में रांची की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। इस टीम में रिधिका, नैना, दिशा, नंदनी, आदित्य, लतिका, उर्मिला और चंदा कुमारी शामिल रहीं।
वरिष्ठ वर्ग के मुकाबलों में भी रांची का दबदबा
वरिष्ठ वर्ग के व्यक्तिगत बालक मुकाबले में धनबाद के परमेश्वर राय ने पहला स्थान हासिल किया। व्यक्तिगत बालिका वर्ग में रांची की ऋष्टी विजेता बनीं, जबकि करिश्मा दूसरे और मोनिका तीसरे स्थान पर रहीं। त्रिक समूह वर्ग में मोनिका, दशमी और करिश्मा की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया।
पांच सदस्यीय समूह वर्ग में टोनू, ऋष्टी, अनुराग, विकास और नयन की टीम पहले स्थान पर रही। मोनिका, दशमी, करिश्मा, उर्मिला और लतिका की टीम दूसरे स्थान पर रही। वरिष्ठ वर्ग के एरो डांस और एरो स्टेप दोनों मुकाबलों में रांची की टीम ने पहला स्थान हासिल किया।
आयोजन में सहयोग देने वालों को दिया धन्यवाद
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में धनबाद जिला जिम्नास्टिक्स संघ के सचिव मोनू कुमार, बेबी कुमारी, पिंकी सिंह और धनबाद पब्लिक स्कूल के खेल प्रशिक्षक शशिकांत पांडेय सहित अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही। वहीं, प्रतियोगिता के निष्पक्ष संचालन में निर्णायक मंडल के विकास कुमार गोप, दीपक कुमारी मांझी, रजनी बख्शी, हेमा कुमारी और अमित गोप ने योगदान दिया।
आयोजन समिति ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, टीम प्रबंधकों, निर्णायकों, अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया। आयोजकों का कहना है कि इस तरह की राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलता है और झारखंड में जिम्नास्टिक्स की नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलता है।


