कमरे से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना, दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची टीम…पोस्टमार्टम के लिए RIMS भेजा गया शव

रांची। अरगोड़ा थाना क्षेत्र में एक बंद फ्लैट के कमरे से युवक का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की मौत करीब दो दिन पहले ही हो चुकी थी। कमरे से तेज दुर्गंध आने के बाद आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही अरगोड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। फ्लैट का कमरा अंदर से बंद था। इसके बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां युवक का शव मिला। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।
बताया जा रहा है कि युवक फ्लैट में अपनी बुजुर्ग मां के साथ रहता था। पिछले कुछ समय से मां-बेटे की आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी। दोनों भीख मांगकर किसी तरह अपना जीवन गुजार रहे थे। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


