Flipkart, Amazon, Airtel Payment Bank और PhonePe के नाम पर लोगों को बनाता था निशाना, गुप्त सूचना पर मधुपुर में पुलिस ने की छापेमारी

देवघर। कभी Flipkart और Amazon का कस्टमर केयर प्रतिनिधि, तो कभी Airtel Payment Bank का अधिकारी बनकर लोगों को फोन करना एक युवक के लिए साइबर ठगी का जरिया बना हुआ था। फर्जी पहचान के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाने के आरोप में देवघर पुलिस ने मधुपुर से एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मधुपुर थाना क्षेत्र के आमतल्ला भेड़वा निवासी दीपक कुमार दास (24 वर्ष) के रूप में हुई है। वह जुगल दास का पुत्र है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि मधुपुर थाना क्षेत्र में कुछ साइबर अपराधी अलग-अलग कंपनियों और डिजिटल पेमेंट सेवाओं के कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों से ठगी कर रहे हैं। आरोपी कथित तौर पर Flipkart और Amazon के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, Airtel Payment Bank के अधिकारी और Google पर PhonePe कस्टमर केयर के नाम से लोगों से संपर्क करते थे।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने छापेमारी की और दीपक कुमार दास को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है।
देवघर पुलिस साइबर अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसी कार्रवाई के तहत आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


