पांच एसआईटी की जांच और लगातार छापेमारी से मिली सफलता, हथियार, सात कारतूस, स्कॉर्पियो और दो अपाचे बाइक बरामद

गिरिडीह। धनवार चौक स्थित यूको बैंक में हुई करीब पांच करोड़ रुपये के सोने और 11.50 लाख रुपये नकद की डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लगातार छापेमारी और जांच के बाद पुलिस ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा, सात जिंदा कारतूस, घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और दो अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। हालांकि, लूटे गए सोने और नकदी की बरामदगी अभी नहीं हुई है।
घटना 5 नवंबर 2026 की दोपहर करीब 1:30 बजे की है। पांच हथियारबंद अपराधियों ने धनवार चौक स्थित यूको बैंक में घुसकर लॉकर से करीब पांच करोड़ रुपये के सोने के पैकेट और 11.50 लाख रुपये नकद लूट लिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पांच विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने बैंक और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही नाकेबंदी कर अपराधियों का पीछा किया गया। इसी क्रम में जमुआ थाना क्षेत्र के बरदबटिया गांव के पास अपराधियों की मोटरसाइकिल सड़क के गड्ढे के कारण अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद अपराधी बाइक छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले।
पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जंगल में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान देवघर जिले के नगर थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद रिजवान को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर झाड़ी में छिपाकर रखा गया एक लोडेड पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इसके बाद पूछताछ और छापेमारी के क्रम में पुलिस ने बंगाबाद थाना क्षेत्र के बदवारा जंगल से गिरिडीह निवासी सुल्तान अली उर्फ रॉकी को एक देसी कट्टा के साथ पकड़ा। वहीं, देवघर निवासी आयुष पांडेय को चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने डकैती में इस्तेमाल स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद रिजवान और सुल्तान अली उर्फ रॉकी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। फिलहाल लूटे गए सोने और नकदी की बरामदगी के साथ गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए तीन और विशेष जांच टीमें गठित की गई हैं। फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।


