ट्यूशन से घर लौटते समय वारदात का आरोप, भाई को फोन बंद होने पर हुई अनहोनी की आशंका…डीएसपी ने थाने पहुंचकर ली मामले की जानकारी

रातू। थाना क्षेत्र में ट्यूशन से घर लौट रही 18 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप सामने आया है। घटना 7 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। पीड़िता के अनुसार, अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ अज्ञात युवकों ने उसे रास्ते में घेर लिया और उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मारपीट की गई, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। बाद में भाई उसे सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिला। इस मामले में पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं। पीड़िता के आवेदन पर पुलिस ने पहले अज्ञात युवकों के खिलाफ छेड़छाड़ की प्राथमिकी दर्ज की थी।
फोन बंद होने पर भाई को हुई अनहोनी की आशंका
पीड़िता इंटर की छात्रा है। 7 नवंबर को वह किसी काम से पंडरा गई थी। लौटने में शाम हो गई। घर पहुंचने से पहले वह मोबाइल पर अपने भाई से बात कर रही थी। इसी दौरान आरोप है कि कुछ युवकों ने पीछे से उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसकी आंखों और मुंह पर कपड़ा बांध दिया और बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने विरोध करते हुए एक युवक को दांत काट लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गई। उधर, बातचीत के दौरान अचानक मोबाइल बंद हो जाने पर भाई को अनहोनी की आशंका हुई। वह दौड़कर सड़क की ओर पहुंचा, जहां बहन बेहोशी की हालत में मिली। स्थानीय लोगों की मदद से उसे घर लाया गया। होश आने पर छात्रा ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। 8 नवंबर को परिजन उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।
सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, पहले छेड़छाड़ की प्राथमिकी
घटना के बाद पुलिस को फोन पर सूचना दी गई थी। 8 नवंबर की सुबह पीड़िता ने रातू थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। हालांकि, पुलिस ने उसके आवेदन पर अज्ञात युवकों के खिलाफ छेड़छाड़ की प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद सामूहिक दुष्कर्म के आरोप को लेकर पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर सवाल उठने लगे। मेडिकल जांच और कॉल डंप कराए जाने के संबंध में भी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
मामले की जानकारी लेने के लिए सोमवार शाम डीएसपी अजय आर्यन रातू थाना पहुंचे और पीड़िता से घटना के संबंध में जानकारी ली। थाना प्रभारी आदिकांत महतो ने बताया कि पीड़िता के बयान पर अज्ञात युवकों के खिलाफ छेड़छाड़ की प्राथमिकी दर्ज की गई है। सोमवार को सामूहिक दुष्कर्म की बात सामने आई है। फिलहाल मामले का सत्यापन कराया जा रहा है।


