निक्की प्रधान और ब्यूटी डुंगडुंग का भी चयन, 19 से 28 नवंबर तक भोपाल में होगी प्रतियोगिता…

रांची। महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में एक बार फिर झारखंड की खिलाड़ियों का दम देखने को मिलेगा। हॉकी इंडिया की ओर से घोषित भारतीय महिला हॉकी टीम में राज्य की तीन खिलाड़ियों को जगह मिली है। इनमें सलीमा टेटे, निक्की प्रधान और ब्यूटी डुंगडुंग शामिल हैं। खास बात यह है कि सलीमा टेटे को भारतीय टीम की कप्तानी सौंपी गई है। प्रतियोगिता का आयोजन भोपाल में 19 से 28 नवंबर 2026 तक होगा।
टीम में झारखंड की तीनों खिलाड़ियों को अलग-अलग जिम्मेदारी मिली है। निक्की प्रधान डिफेंडर के रूप में खेलेंगी, जबकि सलीमा टेटे मिडफील्ड की जिम्मेदारी संभालेंगी। वहीं, ब्यूटी डुंगडुंग फॉरवर्ड के रूप में भारतीय टीम का हिस्सा होंगी।
झारखंड की तीन खिलाड़ियों का राष्ट्रीय टीम में चयन राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है। सलीमा टेटे को लगातार भारतीय टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी मिलना भी राज्य की महिला हॉकी के लिए खास उपलब्धि मानी जा रही है।
सिमडेगा और खूंटी की खिलाड़ियों ने बनाई अंतरराष्ट्रीय पहचान
सिमडेगा जिले से निकलकर अंतरराष्ट्रीय हॉकी में पहचान बनाने वाली सलीमा टेटे और ब्यूटी डुंगडुंग भारतीय महिला हॉकी टीम में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। वहीं, खूंटी की निक्की प्रधान भी लंबे समय से भारतीय महिला हॉकी टीम का अहम हिस्सा रही हैं। उनके नाम झारखंड की ओर से सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैच खेलने का रिकॉर्ड दर्ज है।
खिताब बचाने उतरेगी भारतीय टीम
भारतीय महिला हॉकी टीम हाल ही में जापान में आयोजित एशियन गेम्स में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में मैदान पर उतरेगी। ऐसे में भोपाल में होने वाली महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम खिताब बचाने के लक्ष्य के साथ खेलेगी। झारखंड की तीनों खिलाड़ियों के चयन से राज्य के हॉकी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह है।


