चतरा के कुंदा में पुलिस की छापेमारी से टली बड़ी वारदात, गिरफ्तार आरोपियों के पास से यूएसए मेड लिखा पिस्टल, 9 एमएम का जिंदा कारतूस, दो मिस फायर गोली और बाइक बरामद; बड़े स्वर्ण कारोबारियों को टारगेट करने की थी योजना

चतरा। इलाके के बड़े कारोबारियों को निशाना बनाकर दहशत फैलाने की कथित साजिश पर चतरा पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए जीजा-साला को गिरफ्तार किया है। दोनों पर कुंदा थाना क्षेत्र में सक्रिय बड़े स्वर्ण कारोबारियों और अन्य बड़े व्यवसायियों को निशाना बनाने की योजना तैयार करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, दोनों किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। इसी बीच गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर पहले जीजा दशरथ कुमार भारती को हथियार के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसके साले विक्रम कुमार का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उसे भी दबोच लिया। आरोपियों के पास से मेड इन यूएसए No-11 लिखा एक अवैध पिस्टल, 9 एमएम का एक जिंदा कारतूस, दो मिस फायर गोली और घटना में इस्तेमाल की जाने वाली हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
कारोबारियों को निशाना बनाने की थी योजना
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन ने चतरा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुंदा थाना क्षेत्र के एकता गांव में कुछ संदिग्ध अपराधकर्मी अवैध हथियार के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए कुंदा थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम को सूचना का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी अभियान शुरू किया। इसी दौरान पिंजनी गांव के पड़रियाबर टोला स्थित तीन मोहान के पास एक मोटरसाइकिल सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से बेल्ट में छिपाकर रखा गया पिस्टल और कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ में खुला जीजा-साला का कनेक्शन
गिरफ्तार युवक की पहचान कुंदा थाना क्षेत्र के मांझीपाड़ा गांव निवासी दशरथ कुमार भारती के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दशरथ ने बताया कि उसके साले विक्रम कुमार ने इलाके के बड़े कारोबारियों को निशाना बनाने के उद्देश्य से उसे हथियार उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विक्रम कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। वह एकता गांव के मरगड़ा टोला का रहने वाला है।
पुलिस का दावा है कि दोनों मिलकर इलाके में सक्रिय बड़े स्वर्ण कारोबारियों और अन्य बड़े व्यवसायियों को निशाना बनाकर दहशत फैलाने की योजना बना रहे थे। हालांकि, पुलिस की समय रहते हुई कार्रवाई के कारण उनकी कथित योजना सफल नहीं हो सकी।
दशरथ का पहले से दर्ज है आपराधिक रिकॉर्ड
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि गिरफ्तार दशरथ कुमार भारती का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ कुंदा थाना में पहले से एक अन्य मामला दर्ज है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और संभावित अन्य सहयोगियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
विशेष टीम ने की कार्रवाई
इस छापेमारी अभियान में कुंदा थाना प्रभारी अमित कुमार के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक श्रीकांत पांडेय, एएसआई अशोक कुमार मंडल, नागेश्वर पंडित और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में संभावित बड़ी आपराधिक घटना रोकने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फिलहाल दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी है।


