साहेबगंज। साहेबगंज जिले के बरहेट विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। यहां झारखंड मुक्ति मोर्चा यानी झामुमो के वरिष्ठ नेता राजा राम मरांडी ने अपने सैकड़ों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। उनके इस फैसले को क्षेत्र की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।

दरअसल, बुधवार को साहेबगंज जिले के बरहेट विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत झबरी में भाजपा की ओर से मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी की विशेष मौजूदगी में राजा राम मरांडी ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
राजा राम मरांडी के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय समर्थकों और कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने से पार्टी ने क्षेत्र में अपनी राजनीतिक गतिविधियों को नई मजबूती देने का संदेश दिया है।
इस मौके पर राजमहल के पूर्व विधायक अनंत ओझा, बोरियो के पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम और लिट्टीपाड़ा के पूर्व विधायक दिनेश विलियम मरांडी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, जिला अध्यक्ष, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मिलन समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद बरहेट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की गतिविधियों और आगामी राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।


