जानकारी के मुताबिक, CRPF की 46वीं बटालियन के जवान आखरन-नौपुरा में नियमित जांच के लिए नाका लगाए हुए थे। इसी दौरान दोपहर करीब 2:15 बजे मोटरसाइकिल सवार दो युवक वहां पहुंचे। इससे पहले कि जवान कुछ समझ पाते, दोनों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। नाके के आसपास मौजूद लोग भी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

हमले के दौरान तीन जवानों को गोलियां लगीं। साथी जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। हालांकि, आसपास आम लोगों की मौजूदगी को देखते हुए जवानों ने संयम बरता। इसी का फायदा उठाकर हमलावर वहां से भाग निकले।
तीनों घायल जवान अस्पताल में भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के सुरक्षा शिविरों से अतिरिक्त बल मौके पर पहुंचा। पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई और घायल जवानों को इलाज के लिए GMC अनंतनाग पहुंचाया गया। घायल जवानों की पहचान सीटी/जीडी राकेश दास, सीटी/जीडी संतोष चंद्रू और एचसी/जीडी सोमवीर सिंह के रूप में हुई है।
राकेश दास असम, संतोष चंद्रू पश्चिम बंगाल और सोमवीर सिंह मध्य प्रदेश के निवासी हैं। डॉक्टरों के अनुसार, एक जवान की टांग, दूसरे की बाजू और तीसरे की पीठ में गोली लगी है। संतोष चंद्रू की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
हमलावरों की तलाश में कई इलाकों में तलाशी
हमले के बाद सुरक्षाबलों ने आतंकियों की तलाश तेज कर दी है। घटनास्थल के आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। CRPF, पुलिस और सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं।
फिलहाल किसी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के आतंकी लतीफ बट का मॉड्यूल हो सकता है। सुरक्षाबलों की ओर से पूरे इलाके में अभियान जारी है।


