बहन नेहा के साथ बैठकर क्रिकेटर ने खुद पसंद किया शादी का कार्ड, दुबई रवाना होने से पहले पूरी करना चाहते हैं तैयारियां…

भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की शादी की तैयारियों ने अब रफ्तार पकड़ ली है। दोनों 4 दिसंबर को लखनऊ में शादी के बंधन में बंधेंगे। शादी के कार्ड छपकर तैयार हो चुके हैं और मेहमानों को निमंत्रण भेजने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। अलीगढ़ में रहने वाले रिश्तेदारों और खास परिचितों को भी कार्ड पहुंचाए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, अलीगढ़ शहर से करीब 100 लोगों को शादी में आमंत्रित किया जाएगा।
शादी की तैयारियों में रिंकू सिंह खुद भी सक्रिय हैं। उन्होंने अपनी बहन नेहा के साथ बैठकर कार्ड की डिजाइन पसंद की और उसकी छपाई भी कराई। कार्ड की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। परिवार की ओर से अब मेहमानों की सूची के अनुसार निमंत्रण बांटे जा रहे हैं। इसमें राजनीतिक, सामाजिक और पारिवारिक परिचित शामिल हैं।
दुबई जाने से पहले पूरी करना चाहते हैं तैयारियां
रिंकू सिंह को 15 नवंबर के आसपास क्रिकेट खेलने के लिए दुबई रवाना होना है। ऐसे में वह उससे पहले शादी से जुड़ी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करना चाहते हैं। कार्ड की डिजाइन तय करने से लेकर छपाई और वितरण तक में उन्होंने खुद समय दिया है।
दीपावली पर रिंकू अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने अलीगढ़ पहुंचे थे। इस बार परिवार में शादी की तैयारियों के बीच त्योहार की खुशियां भी खास रहीं। रिंकू ने अपनी बहन नेहा को स्कूटी उपहार में दी। परिवार के साथ वक्त बिताने के अलावा उन्होंने शादी की तैयारियों को अंतिम रूप देने पर भी ध्यान दिया। इस दौरान उनके करीबी मित्र भी घर पहुंचकर उनसे मिले।
मुख्यमंत्री योगी को भी शादी का कार्ड देने की तैयारी
रिंकू सिंह शादी का निमंत्रण देने के लिए अपनी मां और भाई के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात करना चाहते हैं। इसके लिए समय मांगा गया है। 14 या 15 नवंबर के आसपास मुलाकात होने की संभावना है।
दरअसल, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की शादी 14 नवंबर को होनी है और उस दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ में रहेंगे। रिंकू दुबई रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री को शादी का कार्ड सौंपना चाहते हैं।
लखनऊ के रमाडा होटल में होंगे सात फेरे
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी 4 दिसंबर को लखनऊ के रमाडा होटल में होगी। दोनों परिवारों की सहमति से शादी की तारीख और जगह तय की गई है। प्रिया सरोज के पिता, जौनपुर के केराकत से विधायक और पूर्व सांसद तूफानी सरोज ने इसकी जानकारी दी है।
इससे पहले दोनों की सगाई भी लखनऊ के द सेंट्रम होटल में हुई थी। सगाई के समय शादी वाराणसी के होटल ताज में होने की चर्चा थी। प्रिया सरोज के संसदीय क्षेत्र मछलीशहर में वाराणसी जिले का पिंडरा विधानसभा क्षेत्र भी शामिल है। वहीं, बनारस में करखियांव (कठेरवा) स्थित प्रिया के गांव के घर को भी शादी के लिए सजाया-संवारा जा रहा है। दोनों परिवारों में विवाह समारोह की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।


