रांची। झारखंड की राजधानी रांची में आनाडू भगत की बेटी निशा भगत की मौत का मामला अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के हाथों में पहुंच गया है। मामले में CBI ने पिठोरिया थाना में पहले दर्ज प्राथमिकी के आधार पर अपनी नई FIR दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी संभाल ली है। एजेंसी ने इस मामले को RC0482026S0007 नंबर से दर्ज किया है। FIR में अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। CBI ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
यह मामला 6 नवंबर को सामने आया था, जब निशा भगत पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित अपने आवास पर मृत पायी गयी थीं। मौत से कुछ समय पहले उन्होंने फेसबुक लाइव के माध्यम से अपनी परेशानी साझा की थी। इस दौरान उन्होंने आदिवासी जमीन से जुड़े मामलों, कथित जमीन कब्जे, जमीन माफियाओं और प्रशासनिक स्तर पर सहयोग नहीं मिलने को लेकर गंभीर सवाल उठाये थे।

निशा की मौत के बाद उनके पिता आनाडू भगत ने पिठोरिया थाने में लिखित शिकायत देकर कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाये थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी बेटी को लंबे समय से मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। सोशल मीडिया पर उनकी छवि खराब करने और झूठे मामलों में फंसाने का दबाव बनाने की भी बात कही गयी थी। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने एसआईटी गठित कर जांच शुरू की थी। पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश पांडेय को भी हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया था। इस बीच परिजनों और विपक्षी दलों की ओर से मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग उठायी गयी। इसके बाद 10 नवंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने निशा भगत की मौत की जांच सीबीआई से कराने का निर्देश देने की घोषणा की थी।
अब CBI की ओर से नियमित मामला दर्ज कर लिये जाने के बाद जांच केंद्रीय एजेंसी के स्तर पर आगे बढ़ेगी। जांच में निशा भगत की मौत की परिस्थितियों, मौत से पहले उनके द्वारा लगाये गये आरोपों, प्रताड़ना और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल अहम होगी। अब देखना होगा कि CBI की जांच में किन तथ्यों का खुलासा होता है और इस मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाती है।


