महेश्वर साहु बने रहेंगे केंद्रीय अध्यक्ष, रेखा मंडल और हीरानाथ साहु को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी; 20 दिसंबर को रांची में होगा पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह
तीन दिसंबर को संरक्षक, सलाहकार, जिलाध्यक्ष और विभिन्न प्रकोष्ठों की सूची होगी जारी, वैश्य समाज के हक-अधिकार, रोजगार और सम्मान की लड़ाई तेज करने का ऐलान
रांची: झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा ने संगठन को नए सिरे से मजबूत करने और समाज के अधिक से अधिक सक्रिय एवं समर्पित लोगों को नेतृत्व से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मोर्चा की केंद्रीय कमेटी की घोषणा कर दी गई है। केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु ने मंगलवार को रांची के रेडियम रोड स्थित होटल आलोका के सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में 71 सदस्यीय केंद्रीय कमेटी के पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। हालांकि, कुल 75 सदस्यीय केंद्रीय समिति में चार पद फिलहाल रिक्त रखे गए हैं। संगठन की ओर से बताया गया कि नए और सक्रिय सदस्यों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से कमेटी का पुनर्गठन किया गया है।
महेश्वर साहु ने बताया कि वैश्य मोर्चा के आठवें स्थापना दिवस के बाद केंद्रीय कमेटी की सूची जारी की जा रही है। संगठन को जमीनी स्तर पर और प्रभावी बनाने के लिए अनुभवी लोगों के साथ-साथ नए सदस्यों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। उन्होंने बताया कि संरक्षकों, सलाहकारों, जिलाध्यक्षों और विभिन्न प्रकोष्ठ संगठनों की घोषणा आगामी तीन दिसंबर को की जाएगी। वहीं, नवनियुक्त सभी पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह 20 दिसंबर को रांची में आयोजित किया जाएगा।
रेखा मंडल और हीरानाथ साहु बने कार्यकारी अध्यक्ष
घोषित कमेटी में महेश्वर साहु को केंद्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, रेखा मंडल (धनबाद) और हीरानाथ साहु (कांके) को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। रामसेवक प्रसाद, संजीव चौधरी, परशुराम प्रसाद, सुरेश साहु, ढलन साव, शिवपूजन साहु, लक्ष्मण साहु और अश्विनी साहु समेत आठ अन्य नेताओं को वरीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
केंद्रीय उपाध्यक्ष के रूप में योगेंद्र प्रसाद, प्रमोद चौधरी, अवध बिहारी प्रसाद, प्रेमशंकर भगत, दिनेश्वर साहु, लखन अग्रवाल और दिनेश्वर मंडल को शामिल किया गया है। बिरेन्द्र कुमार को प्रधान महासचिव बनाया गया है, जबकि उपेन्द्र प्रसाद और अशोक गुप्ता को उपप्रधान महासचिव की जिम्मेदारी मिली है।
इसी तरह आदित्य नारायण प्रसाद, दिलीप प्रसाद, कपिल प्रसाद साहु, रामेश्वर मंडल, विष्णु मंडल, रामाशंकर राजन, चतुर साहु और इंदु भूषण गुप्ता को केंद्रीय महासचिव बनाया गया है। कृष्णा साहु केशरी, अनिल वैश्य, जगदीश प्रसाद साहु, बसंत प्रसाद साहु और मनोज कुमार को केंद्रीय संगठन महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
रोहित कुमार साहु को मुख्य प्रवक्ता तथा राजीव राज और शिव प्रसाद साहु को प्रवक्ता बनाया गया है। गुड्डू साहा, राजेन्द्र साहु, दीपक गुप्ता और ध्रुव साह को केंद्रीय सचिव बनाया गया है। वहीं, विश्वामित्र गुप्ता बाचल, लगनू साहु, दिवाकर साहु, कुशेश्वर चौधरी, राजीव कुमार और मुरलीधर प्रसाद को केंद्रीय संगठन सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजेन्द्र प्रसाद साहु को कोषाध्यक्ष और राहुल कुमार साहु को मीडिया प्रभारी बनाया गया है।
कार्यकारिणी सदस्य के रूप में डॉ. अरविंद कुमार, दीपेन्द्र प्रसाद, फौजी विजय कुमार, जेपी अग्रवाल, राजेश प्रसाद साहु, महाबीर साहु, नरेश साहु, हलधर साहु, भुनेश्वर साव, योगेन्द्र प्रसाद साहु, अधिवक्ता मीनू कुमारी, दीपारानी कुंज, मुकेशलाल सिंदूरिया, आदित्य पोद्दार, युवराज कुमार, पवन कुमार, गीता देवी, उर्मिला देवी, प्रीति साहा, श्रीनिवास अग्रवाल, मनोज चौरसिया और आलोक कुमार साहु को शामिल किया गया है।
वैश्य समाज के हक और सम्मान की लड़ाई होगी तेज
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु ने कहा कि किसी भी लड़ाई को मजबूती से लड़ने के लिए संगठन का मजबूत होना जरूरी है। केंद्रीय कमेटी में ऐसे लोगों को जगह दी गई है, जो समाज के प्रति चिंतित और समर्पित हैं। इनमें कई झारखंड आंदोलनकारी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में वैश्य समाज के हक-अधिकार, रोजगार और सम्मान की लड़ाई को और तेज किया जाएगा।
महेश्वर साहु ने दावा किया कि राज्य की आबादी में वैश्य समाज की हिस्सेदारी लगभग 40 प्रतिशत है, लेकिन इतनी बड़ी आबादी की समस्याओं को राजनीतिक दलों, नेताओं, विधायकों और सांसदों द्वारा कई बार नजरअंदाज कर दिया जाता है। ऐसी स्थिति में वैश्य मोर्चा समाज की आवाज बनकर सामने आता है। उन्होंने संगठन को वैश्यों का पहरेदार और रक्षक बताते हुए कहा कि समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए मोर्चा हमेशा संघर्ष करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड के गठन से लेकर राज्य को संवारने तक वैश्य समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, लेकिन राज्य गठन के 26 वर्षों बाद भी वैश्य और ओबीसी समाज के साथ न्याय नहीं हुआ है। संगठन संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास रखता है। महात्मा गांधी, डॉ. राममनोहर लोहिया और शहीद भगत सिंह को अपना आदर्श बताते हुए उन्होंने कहा कि वैश्य समाज अपने अधिकार और सम्मान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगा।
विधानसभा के विशेष सत्र में धरना-प्रदर्शन की तैयारी
केंद्रीय अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि संगठन अपनी मांगों को लेकर आंदोलन का अगला चरण भी शुरू करेगा। विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान वैश्य मोर्चा की ओर से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष केवल राजनीतिक भागीदारी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज के अधिकार, रोजगार, सम्मान और उचित हिस्सेदारी से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। नई केंद्रीय कमेटी के गठन के बाद संगठन को उम्मीद है कि राज्यभर में उसकी गतिविधियों को नई गति मिलेगी। अब तीन दिसंबर को होने वाली अगली घोषणाओं और 20 दिसंबर के शपथ ग्रहण समारोह के जरिए संगठन अपनी आगामी रणनीति को और स्पष्ट करेगा।


