सिमडेगा। विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ नाबालिग किशोरी द्वारा दर्ज कराये गये दुष्कर्म के आरोप से जुड़े मामले में सिमडेगा पुलिस ने पूर्व कांग्रेस नेता दिलीप तिर्की को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों में पुलिस को उनकी तलाश थी। सिमडेगा एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने इसकी जानकारी दी है। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर दोनों मामलों से जुड़े तथ्यों और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
बताया गया कि सिमडेगा की एक नाबालिग ने विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी थी। इसके बाद किशोरी के दादा ने दिलीप तिर्की पर अपनी नाबालिग पोती के अपहरण का आरोप लगाया था। इस शिकायत के आधार पर पाकरटांड़ थाना में कांड संख्या 25/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस इस मामले में अपहरण से संबंधित आरोपों की जांच कर रही थी।
वहीं, दिलीप तिर्की के खिलाफ रेंगारीह थाना में भी प्राथमिकी दर्ज है। रेंगारीह थाना कांड संख्या 12/2026 में पहचान के दुरुपयोग से संबंधित आरोप लगाये गये हैं। इन दोनों मामलों में पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस दोनों कांडों में उनकी कथित भूमिका और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। एसपी ने कहा है कि पूरे मामले की गंभीरता और निष्पक्षता से जांच की जा रही है।


