धनबाद: जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। निरंकारी चौक के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक स्कॉर्पियो के नीचे फंस गई। इसके बावजूद चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और करीब दो किलोमीटर तक बाइक को सड़क पर घसीटता रहा। इस दौरान घर्षण के कारण स्कॉर्पियो में आग लग गई। देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई और जलकर राख हो गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए, जबकि स्कॉर्पियो सवार लोग मौके से फरार हो गए।
बाइक फंसने के बाद भी नहीं रोकी गाड़ी
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार देर रात करीब 11 बजे की है। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के निरंकारी चौक के समीप तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद बाइक स्कॉर्पियो के नीचे फंस गई। हैरानी की बात यह रही कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बनाए रखी और बाइक को करीब दो किलोमीटर तक घसीटता चला गया।
घर्षण से स्कॉर्पियो में लगी आग, जलकर हुई राख
बाइक के सड़क पर घसीटे जाने के दौरान हुए घर्षण से स्कॉर्पियो में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और स्कॉर्पियो धू-धू कर जलने लगी। देखते ही देखते पूरा वाहन जलकर राख हो गया। घटना के बाद स्कॉर्पियो पर सवार लोग मौके से फरार हो गए।
दो घायल SNMMCH में भर्ती
हादसे की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायल बाइक सवारों को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) में भर्ती कराया। वहीं, अग्निशमन विभाग को भी घटना की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
टुंडी के बरवाटांड़ के रहने वाले हैं घायल
घायल दोनों युवकों की पहचान टुंडी के बरवाटांड़ निवासी के रूप में बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और स्कॉर्पियो सवार लोगों की तलाश की जा रही है।


