सीपीआई कार्यालय में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन कर वामदलों ने केंद्र सरकार की नीतियों को ठहराया जिम्मेदार।

कहा- एचईसी पर 3.6 करोड़ रुपये की देनदारी का हवाला देकर संस्थान का भविष्य तय करना उचित नहीं।
कामगारों और अधिकारियों के 32 महीने के बकाया वेतन का जल्द भुगतान करने की मांग।
रांची: राजधानी रांची में एचईसी (हैवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन) के भविष्य और उसकी मौजूदा स्थिति को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। एचईसी को बंद नहीं होने देने के भाजपा नेताओं के बयान पर वामदलों ने सवाल उठाए हैं। वामदलों का आरोप है कि भाजपा नेताओं के ऐसे बयान केवल कामगारों को भरोसा दिलाने की कोशिश हैं, जबकि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण एचईसी धीरे-धीरे आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है।
इस मुद्दे पर राजधानी रांची के मेन रोड स्थित अल्बर्ट एक्का चौक के पास सीपीआई कार्यालय में वामदलों की ओर से संयुक्त संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें नेताओं ने एचईसी की मौजूदा स्थिति, केंद्र सरकार की भूमिका और संस्थान को दोबारा पटरी पर लाने की जरूरत पर अपनी बात रखी।
केंद्र सरकार की नीतियों को ठहराया जिम्मेदार
वामदलों ने कहा कि रांची के सांसद समेत भाजपा के अन्य नेताओं की ओर से एचईसी को बंद नहीं होने देने का बयान दिया जा रहा है, लेकिन संस्थान को इस स्थिति तक पहुंचाने के पीछे केंद्र सरकार की सार्वजनिक उपक्रम विरोधी नीतियां जिम्मेदार हैं। उनका कहना है कि एचईसी को धीरे-धीरे बंद करने की साजिश की जा रही है। वामदलों ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी कीमत पर एचईसी को बंद करने की कोशिश सफल नहीं होने देंगे।
एचईसी की देनदारी के साथ बकाया राशि का भी उठाया मुद्दा
संवाददाता सम्मेलन में वामदलों ने नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (एनसीएलटी) की ओर से नियुक्त अंतरिम समाधान पेशेवर की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मीडिया में जिन्हें प्रशासक बताया जा रहा है, उनकी ओर से भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है।
वामदलों का तर्क है कि यदि एचईसी पर देनदारी है तो विभिन्न सरकारी संस्थानों और विभागों के पास उसका बकाया भुगतान भी लंबित है। उनके मुताबिक, रक्षा विभाग, इसरो और केंद्र सरकार के अन्य सार्वजनिक उपक्रमों के पास एचईसी का काफी पैसा बकाया है। इसके बावजूद केंद्र सरकार संस्थान की आर्थिक मदद नहीं कर रही है।
वामदलों ने कहा कि केवल 3.6 करोड़ रुपये की देनदारी के आधार पर एचईसी को बंद करने या किसी नई कंपनी को उसके भविष्य का फैसला करने का अधिकार देना उचित नहीं है। उन्होंने एचईसी को देश की औद्योगिक आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए इसे मातृ उद्योग करार दिया।
केंद्र सरकार पर कार्यशील पूंजी और कार्यादेश नहीं देने का आरोप
वामदलों ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार एचईसी की 100 प्रतिशत शेयरधारक होने के बावजूद संस्थान को जरूरी कार्यशील पूंजी और नए कार्यादेश उपलब्ध नहीं करा रही है। उनके अनुसार, केंद्र की उदासीनता के कारण यह प्रतिष्ठित सार्वजनिक उपक्रम लगातार आर्थिक संकट का सामना कर रहा है।
32 महीने के बकाया वेतन भुगतान की मांग
संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से वामदलों ने झारखंड सरकार और राज्य की आम जनता से एचईसी को बचाने और उसके पुनरुद्धार के लिए आगे आने की अपील की। साथ ही मांग की कि एचईसी के कामगारों और अधिकारियों के पिछले 32 महीने के बकाया वेतन का जल्द भुगतान किया जाए।
वामदलों ने दोहराया कि एचईसी केवल एक औद्योगिक संस्थान नहीं, बल्कि झारखंड की पहचान और देश की औद्योगिक जरूरतों से जुड़ा महत्वपूर्ण उपक्रम है। इसे बचाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।


