बेड़ो में सुबह-सुबह भीषण सड़क हादसा, पांचवीं की छात्रा को करीब 150 मीटर तक घसीटते हुए खेत में पलटी ओमनी वैन; मौके पर ही हुई मौत

रांची: आंखों में बेहतर भविष्य के सपने और मन में पढ़-लिखकर आगे बढ़ने का जुनून लेकर घर से निकली 10 वर्षीय सुचिता उरांव को क्या पता था कि शुक्रवार की सुबह उसकी जिंदगी की आखिरी सुबह साबित होगी। रोज की तरह वह कोचिंग पढ़ने के लिए पैदल निकली थी, लेकिन रास्ते में तेज रफ्तार मारुति ओमनी वैन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि वैन बच्ची को करीब 150 मीटर तक घसीटते हुए ले गई और फिर सड़क किनारे खेत में उसी के ऊपर पलट गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में सुचिता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा है, जबकि पूरे इलाके में शोक के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को लेकर आक्रोश भी है।
यह हादसा शुक्रवार अहले सुबह करीब साढ़े पांच बजे रांची जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र अंतर्गत तुको खूंटी टोली मोड़ के समीप हुआ। मृतका की पहचान खूंटी टोली निवासी मनोहर उरांव की पुत्री सुचिता उरांव के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, सुचिता प्रतिदिन की तरह सुबह अपने गांव से कोचिंग पढ़ने के लिए पैदल जा रही थी। इसी दौरान लोहरदगा की ओर से तेज गति से आ रही मारुति ओमनी वैन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। वैन बच्ची को काफी दूर तक घसीटते हुए सड़क किनारे खेत में जा पलटी।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से परिजन बच्ची को आनन-फानन में बेड़ो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल में स्वजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
पांचवीं की छात्रा थी सुचिता, नवोदय विद्यालय में दाखिले की कर रही थी तैयारी
सुचिता उरांव उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, खूंटी टोली में पांचवीं कक्षा की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार, वह पढ़ाई में काफी होनहार थी और आगे चलकर नवोदय विद्यालय में दाखिला लेने का सपना देख रही थी। इसके लिए वह मेहनत से तैयारी भी कर रही थी। हर दिन की तरह शुक्रवार को भी वह पढ़ाई के सिलसिले में ही घर से निकली थी। लेकिन एक सड़क हादसे ने उसके सारे सपनों पर विराम लगा दिया। जिस बेटी को माता-पिता बेहतर शिक्षा देकर आगे बढ़ते देखना चाहते थे, उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। घटना के बाद से माता-पिता और अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की सूचना मिलने के बाद बेड़ो थाना प्रभारी कफील अहमद, एएसआई अक्षय कुमार सिंह और आशीष कुमार पुलिस बल के साथ बेड़ो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। पुलिस ने घटना की जानकारी लेने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
हादसे ने फिर उठाए सड़क सुरक्षा पर सवाल
सुबह के वक्त गांव से पढ़ाई के लिए निकलने वाली एक मासूम छात्रा की मौत ने स्थानीय स्तर पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तुको और खूंटी टोली इलाके के ग्रामीणों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण जरूरी है। खासकर आबादी वाले इलाकों और मोड़ के आसपास वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए प्रभावी इंतजाम होने चाहिए। ग्रामीणों ने तुको खूंटी टोली मोड़ पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे संवेदनशील स्थानों पर जरूरी कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में भी इस तरह के हादसे हो सकते हैं।
सुचिता की मौत ने एक परिवार की खुशियां छीनने के साथ पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। अब ग्रामीणों की मांग है कि इस हादसे से सबक लेते हुए सड़क सुरक्षा के ठोस उपाय किए जाएं, ताकि किसी दूसरे परिवार को ऐसी पीड़ा से न गुजरना पड़े।


