तमाड़ के डोड़ेया मोड़ पर NCB और रांची पुलिस की संयुक्त छापेमारी, ओडिशा नंबर की गाड़ी से मिली गांजे की खेप; चालक समेत दो लोग हिरासत में

रांची: राजधानी रांची में गांजा तस्करी के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने तमाड़ थाना क्षेत्र के डोड़ेया मोड़ के पास छापेमारी कर एक पिकअप वैन से करीब दो क्विंटल गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने वाहन चालक समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
गुप्त सूचना के बाद हाईवे पर बढ़ाई गई निगरानी
जानकारी के अनुसार, NCB रांची की टीम को सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप जमशेदपुर के रास्ते तमाड़ होते हुए रांची पहुंचाई जा रही है। सूचना मिलने के बाद शुक्रवार देर रात NCB और तमाड़ पुलिस की संयुक्त टीम ने रांची-जमशेदपुर हाईवे पर निगरानी शुरू की।
इसी दौरान खूंटी की ओर से आ रही ओडिशा नंबर की एक संदिग्ध पिकअप वैन को डोड़ेया मोड़ के पास रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन में बड़ी मात्रा में गांजा लदा मिला। इसके बाद टीम ने करीब दो क्विंटल गांजा जब्त कर लिया और वाहन में सवार दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस
कार्रवाई के बाद अब जांच टीम गांजे की खेप के स्रोत और इसके संभावित खरीदारों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ओडिशा से गांजा कहां लोड किया गया था और रांची में इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी। तस्करी के इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो ने बताया कि करीब दो क्विंटल गांजा बरामद किया गया है। इस कार्रवाई में NCB की टीम भी शामिल थी। फिलहाल मामले की आगे की जांच की जा रही है।


