पश्चिम बंगाल स्थित प्लांट से लिए गए पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के नमूने की लैब जांच में सामने आई गड़बड़ी, कंपनी के खिलाफ अभियोजन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

रांची: देश की प्रमुख पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर कंपनियों में शामिल बिसलेरी इंटरनेशनल की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पश्चिम बंगाल स्थित कंपनी के प्लांट से लिए गए पानी के नमूने की प्रयोगशाला जांच में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाए जाने का मामला सामने आया है। इसके बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दे दी है।
जानकारी के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा नियामक की ओर से कंपनी के प्लांट से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का सैंपल लिया गया था। जांच के लिए इसे प्रयोगशाला भेजा गया, जहां रिपोर्ट में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई। इसके बाद नियामक ने मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की अनुमति दी।
क्या है कोलीफॉर्म बैक्टीरिया?
कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी को पानी की स्वच्छता और गुणवत्ता में कमी का संकेत माना जाता है। आमतौर पर पानी में इस तरह के बैक्टीरिया सीवेज के रिसाव, पाइपलाइन में खराबी या जल आपूर्ति व्यवस्था में गड़बड़ी के कारण पहुंच सकते हैं। हालांकि, कोलीफॉर्म की मौजूदगी अपने आप में यह साबित नहीं करती कि पानी में बीमारी फैलाने वाले रोगाणु भी मौजूद हैं।
फिलहाल, इस मामले में FSSAI की मंजूरी के बाद कंपनी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।


