राजधानी रांची में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। तमाड़ थाना क्षेत्र के डोड़ेया मोड़ के पास की गई संयुक्त छापेमारी में ओडिशा रजिस्ट्रेशन नंबर की एक पिकअप वैन से लगभग दो क्विंटल (200 किलोग्राम) गांजा बरामद किया गया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से वाहन चालक समेत दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, NCB और तमाड़ पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खूंटी की ओर से एक पिकअप वैन के जरिए गांजे की बड़ी खेप रांची की तरफ लाई जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने तमाड़ के डोड़ेया मोड़ पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी क्रम में खूंटी की दिशा से आ रही ओडिशा नंबर की पिकअप वैन को रोककर जब उसकी गहन तलाशी ली गई, तो उसमें छिपाकर रखा गया करीब दो क्विंटल गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने तत्काल वाहन को जब्त करते हुए चालक और उसके एक सहयोगी को धर दबोचा। फिलहाल दोनों हिरासत में लिए गए आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के मुख्य सरगना और गांजे की सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके।


