चाईबासा-तांतनगर मुख्य मार्ग पर तुईबीर पंचायत भवन के पास हुआ हादसा, स्कूटी की हाइवा से हुई जोरदार टक्कर; 39 वर्षीय मंगल सिंह बिरूवा की मौत से परिवार में मातम।

चाईबासा: गर्भवती पत्नी के लिए कपड़े लेकर अस्पताल जा रहे एक युवक की सड़क हादसे में जान चली गई। घटना चाईबासा-तांतनगर मुख्य मार्ग पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तुईबीर पंचायत भवन के पास शुक्रवार देर रात हुई। मृतक की पहचान मंझारी थाना क्षेत्र के सेरेंगडीह गांव निवासी 39 वर्षीय मंगल सिंह बिरूवा के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगल सिंह अपनी गर्भवती पत्नी के लिए कपड़े लेकर स्कूटी से सदर अस्पताल चाईबासा जा रहे थे। इसी दौरान तुईबीर के पास उनकी स्कूटी सड़क किनारे खड़े एक हाइवा से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनके माथे पर गंभीर चोट लगी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मंगल सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं, सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के किनारे इस तरह भारी वाहन खड़े रहने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।


