पूर्व मंत्री ने कहा- झारखंड में आदिवासियों की आरक्षित सीटें कम नहीं, बल्कि बढ़नी चाहिए; मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी।

रांची: केंद्र सरकार की ओर से परिसीमन बिल लाए जाने की चर्चा के बीच झारखंड में आदिवासी राजनीति को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने आशंका जताई है कि परिसीमन की प्रक्रिया से झारखंड में आदिवासियों के लिए आरक्षित विधानसभा सीटों की संख्या प्रभावित हो सकती है। उन्होंने साफ कहा कि राज्य में आदिवासियों के लिए आरक्षित एक भी सीट कम नहीं होनी चाहिए। अगर ऐसा कोई फैसला लिया गया, तो संगठन इसके खिलाफ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा।
रांची में आयोजित प्रेस वार्ता में बंधु तिर्की ने कहा कि झारखंड में फिलहाल आदिवासियों के लिए 28 विधानसभा सीटें आरक्षित हैं। परिसीमन के बाद अगर विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी होती है, तो आरक्षित सीटों की संख्या भी बढ़कर 42 होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी मांग स्पष्ट है कि आदिवासी सीटों की संख्या किसी भी परिस्थिति में कम नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसमें बढ़ोतरी होनी चाहिए।
मोरहाबादी की महारैली का भी किया जिक्र
बंधु तिर्की ने कहा कि परिसीमन की चर्चा शुरू होने के समय से ही वह इस मुद्दे को उठाते रहे हैं। उनका कहना था कि परिसीमन की प्रक्रिया 2029 में होनी है, लेकिन इसके संभावित प्रभावों को लेकर उन्हें पहले से ही चिंता थी। इसी को लेकर 31 अगस्त को रांची के मोरहाबादी मैदान में विशाल महारैली का आयोजन किया गया था। उन्होंने कहा कि झारखंड के आदिवासियों के राजनीतिक अधिकारों की रक्षा के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
भाजपा पर लगाया राजनीतिक रणनीति बनाने का आरोप
प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में सत्ता हासिल करने में असमर्थ भाजपा परिसीमन के जरिए राजनीतिक समीकरण बदलने की कोशिश कर सकती है। उन्होंने आशंका जताई कि परिसीमन आयोग का फैसला आने के बाद उसे अदालत में चुनौती देना भी मुश्किल हो सकता है।
बंधु तिर्की ने झारखंड की तुलना असम की परिस्थितियों से होने की आशंका जताते हुए भाजपा से अपील की कि वह प्रधानमंत्री और संसदीय कार्य मंत्री के सामने राज्य के आदिवासी समुदाय के हितों का मुद्दा उठाए। उन्होंने कहा कि परिसीमन के दौरान आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या कम हुई, तो इसका असर आने वाले समय में आदिवासी समुदाय के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और नेतृत्व पर पड़ सकता है।
उन्होंने दोहराया कि झारखंड में आदिवासियों के राजनीतिक अधिकारों से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।


