रांची। राजधानी रांची में खराब मौसम के कारण हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से संचालित होने वाली 14 फ्लाइट्स को रद्द कर दिया गया है। 21 नवंबर को जारी सूचना के मुताबिक, रद्द उड़ानों में दिल्ली के लिए आने-जाने वाली चार फ्लाइट्स शामिल हैं। इसके अलावा हैदराबाद, पटना, मुंबई, भुवनेश्वर, चेन्नई, अहमदाबाद, कोलकाता, पुणे और बेंगलुरु की उड़ानें भी रद्द की गई हैं।
अचानक उड़ानें रद्द होने से रांची से दूसरे शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ-साथ बाहर से राजधानी आने वाले लोगों की भी परेशानी बढ़ सकती है। कई यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ सकती है। वहीं, जिन यात्रियों ने पहले से टिकट बुक करा रखे हैं, उन्हें भी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
एयरपोर्ट जाने से पहले जरूर जांच लें फ्लाइट का स्टेटस
अगर आप 21 नवंबर को रांची से किसी दूसरे शहर के लिए उड़ान भरने वाले हैं या बाहर से रांची पहुंचने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जरूर जांच लें। इसके लिए संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट, मोबाइल ऐप या हेल्पलाइन से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। बिना फ्लाइट स्टेटस की पुष्टि किए एयरपोर्ट पहुंचने से आपको अनावश्यक परेशानी हो सकती है।


