रांची। आगामी 24 नवंबर 2026 को मनाए जाने वाले गुरु नानक देव जी की जयंती और कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर राज्य में शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए झारखंड पुलिस मुख्यालय पूरी तरह अलर्ट हो गया है। इस दिन विभिन्न जिलों में धार्मिक आयोजन, शोभायात्रा, प्रभात फेरी, कीर्तन और नदी, तालाब व डैम में स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए विशेष शाखा ने सभी उपायुक्तों, वरीय पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) और पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को पत्र जारी कर विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया है।
विशेष शाखा, झारखंड, रांची द्वारा जारी इस पत्र में धार्मिक आयोजनों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है। सभी जिलों के प्रशासन को पहले से ही आवश्यक तैयारियां पूरी करने की हिदायत दी गई है, ताकि दोनों पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सकें।
गुरुद्वारों और शोभायात्राओं पर रहेगी विशेष नजर
विशेष शाखा ने अपने पत्र में कहा है कि गुरु नानक देव जी की जयंती मुख्य रूप से सिख समुदाय के लोगों द्वारा मनायी जाती है. इस अवसर पर गुरुद्वारों में पूजा-अर्चना, प्रकाश उत्सव, शोभायात्रा, जुलूस और कीर्तन (प्रभात फेरी) का आयोजन किया जाता है. इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना रहती है. पुलिस ने आशंका जतायी है कि असामाजिक और आपराधिक तत्व इस दौरान विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न करने की कोशिश कर सकते हैं. ऐसे में गुरुद्वारों और उनके आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने का निर्देश दिया गया है. शोभायात्रा और जुलूस के दौरान भी विशेष निगरानी रखी जायेगी, ताकि किसी तरह का विवाद या तनाव पैदा न हो.
कार्तिक पूर्णिमा पर नदी-तालाबों में बैरिकेडिंग अनिवार्य
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी, तालाब और डैम में स्नान करने पहुंचते हैं. इस दौरान गहरे पानी में जाने से डूबने की घटनाओं की आशंका बनी रहती है. इसे देखते हुए विशेष शाखा ने सभी जिलों को स्नान घाटों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने को कहा है. निर्देश के मुताबिक, नदियों, तालाबों और घाटों के किनारे बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी, ताकि श्रद्धालु निर्धारित सीमा से आगे गहरे पानी में नहीं जा सकें. जिन घाटों पर भीड़ अधिक रहती है और पानी की गहराई ज्यादा है, वहां रस्सी के साथ गाड़ियों में इस्तेमाल होने वाले इनफ्लेटेड ट्यूब बांधकर प्रशिक्षित बचाव दल के साथ उपलब्ध कराने का सुझाव दिया गया है.
पिछले पांच वर्षों की घटनाओं का मांगा गया ब्योरा
विशेष शाखा ने सभी जिलों से पिछले पांच वर्षों यानी 2021 से 2025 तक गुरु नानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा के दौरान हुई घटनाओं और विवादित स्थलों की संक्षिप्त जानकारी मांगी है. इसके आधार पर संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर पहले से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा सकेगी. इसके साथ ही ऐसे संदिग्ध असामाजिक तत्वों की सूची भी तैयार करने को कहा गया है, जो धर्म की आड़ में गड़बड़ी फैलाने या विधि-व्यवस्था की समस्या पैदा करने की कोशिश कर सकते हैं. पुलिस को ऐसे लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है.
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर नजर
वीआईपी और प्रमुख आयोजनों की भी देनी होगी जानकारी
विशेष शाखा ने जिलों से दोनों पर्वों के दौरान होने वाले प्रमुख आयोजनों की विस्तृत जानकारी भी मांगी है. इसमें गुरु नानक जयंती पर होने वाले प्रकाश उत्सव, शोभायात्रा, जुलूस और कीर्तन के साथ कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित पूजा-पाठ, मेला और अन्य कार्यक्रमों का ब्योरा शामिल है. इसके अलावा यह भी जानकारी मांगी गई है कि इन आयोजनों में किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति या वीआईपी के शामिल होने की संभावना है या नहीं. इससे संबंधित सुरक्षा व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जा सकेगी.
प्रशासन को विधि-व्यवस्था बनाये रखने का निर्देश
विशेष शाखा ने स्पष्ट किया है कि पत्र के साथ दी गई सूचनाएं विभिन्न स्रोतों से प्राप्त जानकारी के आधार पर सूची तैयार की गई हैं. इनमें किसी तरह की कमी या बदलाव संभव है. नई सूचना मिलने पर संबंधित जिलों को अवगत कराया जायेगा. साथ ही जिलों को अपने स्तर से भी आसूचना संग्रह करने को कहा गया है. पुलिस और प्रशासन को दोनों पर्वों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए विधिसम्मत कार्रवाई, विशेष सतर्कता और लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया है.


